छत्तीसगढ़

खत्म हुआ इंतजार! सिद्धांत चतुर्वेदी निभाएंगे गंगाधर का किरदार, जल्द शुरू होगी शक्तिमान की शूटिंग?

नईदिल्ली I ‘शक्तिमान’…90 के दशक का यह सुपरहीरो एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस फिल्म को 300 करोड़ रुपये के बजट में तैयार किया जाएगा। हालांकि, अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि फिल्म में शक्तिमान का किरदार कौन निभाएगा। बीच में खबरें आ रही थीं कि रणवीर सिंह गंगाधर का किरदार निभा सकते हैं। लेकिन, बाद में अभिनेता की पीआर टीम ने इन खबरों को अफवाह करार दिया। अब अनुमान लगाया जा रहा है कि बॉलीवुड अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी, शक्तिमान का रोल निभा सकते हैं। ऐसा क्यों? आइए जानते हैं…

दरअसल, अभिनेता ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडिया साझा किया है, जिसमें वह शक्तिमान के गेटअप में नजर आ रहे हैं। बीटीएस वीडियाे में सिद्धांत चतुर्वेदी, शक्तिमान की ही तरह गंगाधर की रोल में एंट्री लेते हैं और फिर गोल घूमकर शक्तिमान बन जाते हैं। अभिनेता का यह वीडियो देख फैंस अनुमान लगा रहे हैं कि शक्तिमान पर बनने वाली फिल्म में वह लीड रोल निभाने वाले हैं।

अभिनेता के पोस्ट पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘अब रणवीर सिंह की जगह बाबा ने ली है यह जगह शक्तिमान की फिल्म में’। अन्य यूजर ने लिखा, ‘एमसी शेर ही शक्तिमान है।’ वहीं, एक यूजर ने कमेंट किया, ‘तो क्या हम मान लें कि सिद्धांत ही शक्तिमान है’।

हालांकि, सच यह है कि कटरीना कैफ, सिद्धांत चतुर्वेदी और ईशान खट्टर ने अपनी अपकमिंग फिल्म के प्रमोशन को एक हैलोवीन ट्विस्ट दिया है। एक तरफ जहां सिद्धांत ने शक्तिमान बनने का फैसला किया। वहीं, दूसरी तरफ, ईशान ने 2005 में आई फिल्म ‘चार्ली एंड द चॉकलेट फैक्ट्री’ के विली वोंका का गेटअप धारण किया है।