छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: MBBS स्टूडेंट्स ने किया कैफे में बवाल, जमकर चले लात-घूंसे

MBBS स्टूडेंट्स ने किया कैफे में बवाल, जमकर चले लात-घूंसे

बिलासपुर। बिलासपुर में देर रात को कैफे संचालक और MBBS स्टूडेंट्स के बीच मारपीट हो गई। स्टूडेंट्स कैफे के बाहर गाली-गलौज कर विवाद कर रहे थे। इतने में संचालक ने उन्हें मना किया। जिसके बाद स्टूडेंट्स ने पहले तो संचालक से विवाद किया। फिर अपने और साथियों को लेकर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले हैं। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। सिम्स मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहे कुछ छात्र शनिवार रात को पुलिस पेट्रोल पंप के तरफ घूमने आए थे। वहां से सभी वापस लौटकर मेडिकल कॉलेज हॉस्टल जा रहे थे। ये अभी रात के 10 बजे के आस-पास मिशन हॉस्पिटल के बगल में स्थित मिनी चौपाटी के पास पहुंचे थे। इतने में किसी बात को लेकर यह आपस में विवाद करने लगे। छात्र आपस में ही काफी गाली-गलौज कर रहे थे।

बताया गया कि जहां पर छात्र गाली-गलौज कर रहे थे। वहां पर एक कैफे भी है, ये देखकर उस कैफे का संचालक वहां पहुंच गया और उसने गाली-गलौज करने से मना किया था। मगर छात्र नाराज हो गए और उससे विवाद करने लगे। बाद में सभी छात्र वहां से चले गए। लेकिन कुछ देर बाद वे कुछ और साथियों के साथ वापस लौटे। इस दौरान उनके हाथ में डंडे और हॉकी स्टिक भी थी।

वापस लौटने के बाद छात्रों ने संचालक से फिर से विवाद शुरू कर दिया और मारपीट करने लगे। इतने में संचालक और कर्मचारियों ने भी मारपीट की। दोनों पक्षों के बीच काफी विवाद होता रहा और लात-घूंसे चले। घटना के बाद किसी तरह से मामले को शांत कराया गया और दोनों पक्ष शिकायत करने रात को ही थाने पहुंचे थे। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले में जांच शुरू की है।