छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : हरियाणा के गृह मंत्री ने छत्तीसगढ़ CM को राक्षस कहा, भगवा कपड़े पर बघेल के बयान से भड़के विज, बोले- तुरंत इस्तीफा दें

रायपुर I बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की पठान फिल्म में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के भगवा कपड़ा पहनने के विवाद में सियासत भी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने तल्ख टिप्पणी करते हुए उन्हें राक्षस कह दिया। विज ने कहा कि हिंदुस्तान की सनातन संस्कृति का अध्ययन करें तो हर युग में देवता भी रहे हैं और राक्षस भी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री आज के राक्षस प्रवृत्ति के महानुभाव हैं।

विज बोले- दिन चढ़ता है तो भगवा होता है
विज ने छत्तीसगढ़ के CM को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इन्हें भगवा में इतना दोष नजर आता है। जब दिन चढ़ता है तो भगवा होता है और रात होती है तब भी भगवा होता है। तिरंगे में भी भगवे को सबसे ऊपर लिया गया है। अगर इन्हें इसमें दोष नजर आ रहा है तो इनको तुरंत तिरंगे के सामने जिस पद की शपथ ली, उससे त्याग-पत्र दे देना चाहिए।

छत्तीसगढ़ CM ने भगवा पर दिया था बयान
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पठान फिल्म के गाने और भगवा रंग पर छिड़े विवाद को लेकर हिंदूवादी संगठनों कटाक्ष किया था। बघेल ने कहा था कि भगवा रंग को वह ही धारण करता है, जिसने घर परिवार और समाज को त्याग दिया हो। मगर, जो बजरंगी गुंडे भगवा रंग के गमछे पहनकर निकले हैं, उन्होंने त्याग कुछ नही किया है, बल्कि वसूली करने के लिए भगवा पहन रहे हैं। रंगों से किसी की जाति-धर्म तय नहीं किया जा सकता है।

कांग्रेस ने कराया देश का बंटवारा
अनिल विज ने कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। टाइटलर ने पूछा था कि क्या मेरे खिलाफ (1984 के सिख विरोधी दंगों में) कोई प्राथमिकी है ? CBI ने मुझे क्लीयरेंस भी दिया। कुछ लोग केवल राजनीति कर रहे हैं। मैं भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो रहा हूं और मैं अपनी आखिरी सांस तक पार्टी के साथ रहूंगा।

इस बयान पर विज ने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर बेशक वो कुछ समय के लिए न कह रहे हों, लेकिन उनकी आत्मा जो है कांग्रेस की ही है, जिसने 1947 में देश का बंटवारा कराया और 1984 में सिखों का नरसंहार कराया। यह कहें या न कहें जनता इनको जानती है।