छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, बहन से मिलकर लौट रही थी घर, निर्माणाधीन नाली के चलते हुई दुर्घटना

भिलाई I भिलाई सुपेला चौक के पास एक स्कूटर सवार महिला को ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से महिला बुरी तरह घायल हो गई। उसे तुरंत सुपेला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन विश्वनाथ साहू ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मालती देशमुख पति गोविंद देशमुख (40 साल) की मौत हुई है। मालती गोविंद की मौसी थी। वो माडल टाउन नेहरू नगर में किराए के मकान से रहती थीं। बुधवार सुबह स्कूटर सीजी 07 बीआर 6050 से वह अपनी बहन से मिलने खुर्सीपार गई थीं। वहां से दोपहर को अपने घर लौट रही थीं।

रायपुर से दुर्ग की तरफ जा रहे ट्रक क्रमांक सीजी 07 सी 9891 ने उन्हें टक्कर मार दी। एक साइड निर्माणाधीन नाली होने से महिला संभल नहीं पाई और वह ट्रक की तरफ ही गिर गई। इससे वह ट्रक की चपेट में आ गई और उन्हें गंभीर चोट आई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

सुपेला पुलिस ने भेजा अस्पताल
दुर्घटना सुपेला थाने से कुछ दूर पर ही हुई थी। इसलिए सूचना मिलते ही वहां सुपेला पुलिस और पेट्रोलिंग टीम पहुंच गई। पुलिस वालों ने तुरंत महिला को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मालती देशमुख के पति अपने बड़े बेटे राम औतार के साथ अपने गांव चीर चार अर्जुंदा में खेती किसानी करते हैं। उनकी एक बेटी है जो ससुराल चली गई है।