छत्तीसगढ़

बेहाल पाकिस्तान की जनता करना चाहती है भारत में वापसी, बाबा रामदेव बोले- पीओके तक बढ़ने वाला है देश

कुरुक्षेत्र : मौका था महर्षि दयानंद सरस्वती के द्वितीय जन्म शताब्दी समारोह का। इस अवसर पर बुधवार को ब्रह्मसरोवर के योग भवन के पास आयोजित अंतरराष्ट्रीय सर्वधर्म सम्मेलन में देशभर से सभी धर्मों के धर्मगुरु पहुंचे थे। सभी ने अखंड भारत पर जोर दिया। सम्मेलन में पहुंचे तीनों मुस्लिम धर्मगुरुओं ने कहा कि भारत ही एक ऐसा देश है जिसमें सभी धर्मों को सम्मान मिलता है। वह दिन दूर नहीं जब पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश देश समेत अखंड भारत होगा।

पाकिस्तान की जनता भारत में होना चाहती है शामिल 

पाकिस्तान की बेहाल जनता घर वापसी (भारत में शामिल) करना चाहती है। योग गुरु बाबा रामदेव में भी कहा कि पीओके तक भारत बढ़ने वाला है। उन्होंने यह भी कहा कि अब कातिलाना हमला बंद होना चाहिए तथा पूर्वजों की सांझी संस्कृति और विरासत को मिलकर आगे बढ़ाना चाहिए। एक दूसरे के धर्म और संस्कृति का सम्मान करें। हमें विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। समारोह का अयोजन स्वामी संपूर्णानंद सरस्वती द्वारा किया गया था।

पूरी दुनिया भारत की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रही

मंच पर जब आल इंडिया इमाम ऑर्गनाइजेशन के मुख्य इमाम डा. उमर अहमद इलियासी विचार रखने आए तो सम्मेलन का पूरा माहौल ही बदल गया और हर वक्त उसी विचार को आगे बढ़ाने लगा। उन्होंने कहा पाकिस्तान जल्द भारत में शामिल हो जाएगा। वहां की जनता बेहाल है और घर वापसी यानी भारत में शामिल होने की आवाज उठा रही है। इसके बाद बांग्लादेश और अफगानिस्तान भी भारत में आ जाएगा। यही उत्तम भारत और अखंड भारत है। इसके बाद सभी वक्ताओं ने इस लाइन को आगे बढ़ाते हुए कहा कि आज भारत एक बार फिर विश्व गुरु बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। पूरी दुनिया भारत की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।

जी-20 का प्रतिनिधित्व को भारतवासियों के लिए गौरव की बात

मौलाना फाउंडेशन आफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना कौकब मुजतबा ने कहा कि शांति देखना है तो भारत की तरफ देखें और आतंकवाद देखना है तो पाकिस्तान को देखें। उन्होंने कहा कि जब अखंड भारत बनेगा तो पहला इस्लामिक कार्यालय लाहौर में बनेगा और उस पर भारत का तिरंगा लहराएगा। जिस रास्ते पर भारत है कोई भी उसे विश्व गुरु बनने से नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि यह संदेश पाकिस्तान तक जाना चाहिए। इन वक्ताओं से पहले बोलते हुए दरगाह शरीफ अजमेर के हाजी सैयद सलमान चिश्ती ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक ताकत सबसे बड़ी ताकत है। विदेशी में हमारी अध्यात्म को सीखने आते हैं। हम जाति धर्म से ऊपर उठकर कार्य करें और एक दूसरे का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि जी-20 का प्रतिनिधित्व को भारतवासियों के लिए गौरव की बात है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है।

बाबा रामदेव ने कहा- भारत में रहने वाले हम सभी आर्य हैं

इन मुस्लिम धर्मगुरुओं की बात को आगे बढ़ाते हुए योग गुरु बाबा रामदेव ने भी कहा कि भारत में रहने वाले हम सभी आर्य हैं। चाहे हमारा धर्म के अनुसार पहनावा व वेशभूषा भले अलग हो। उन्होंने कहा कि हम एक दूसरे के घर में घुसते हैं ऐसा नहीं करें और स्वयं में दृढ़ता रखें। एक दूसरे के धर्मों का सम्मान कर महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों को धारण कर भारत को विश्वगुरु बनाने की ओर आगे बढ़े।