छत्तीसगढ़

जांजगीर : मकान मालिक गया था शादी समारोह में, इधर चोरों ने सोने चांदी और नगदी पर कर दिया हाथ साफ, जांच में जुटी पुलिस

जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र के चंदनिया पारा में अशोक बजाज के सूने मकान से 1 लाख 15 हजार रुपए के सोने-चांदी के गहने और 85 हजार रुपए कैश समेत करीब 2 लाख की चोरी हो गई।

जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली क्षेत्र के चंदनिया पारा निवासी अशोक बजाज के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी से सोने-चांदी के गहने और नगद की चोरी कर ली। घटना की जानकारी हाउस मेड (कामवाली) ने फोन से मकान मालिक अशोक बजाज को दी। जानकारी मिलने के बाद पूरा परिवार बिलासपुर से जांजगीर पहुंचा। मकान मालिक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है, ताकि का पता लगाया जा सके।

मकान मालिक अशोक बजाज ने बताया कि 3 फरवरी से पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने बिलासपुर गया हुआ था। यह चोरी 5-6 फरवरी की मध्य रात्रि को हुई। घटना का पता बाद में चला। अशोक बजाज शहर में संचालित मेट्रो सिनेमा के संचालक हैं, जो अपने बेटे की शादी के लिए 3 फरवरी को बिलासपुर गए थे। उन्होंने बताया कि पूरा परिवार शादी के जश्न में डूबा था और सोमवार को दुल्हन को अपने घर लाने की तैयारी थी, तभी सुबह काम करने वाली बाई ने घटना की जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।