छत्तीसगढ़

विदेश में जाकर क्या हो जाता है? रविशंकर प्रसाद का निशाना, बोले- राहुल गांधी ने देश को शर्मसार किया

नई दिल्ली। ब्रिटेन दौरे पर गए राहुल गांधी केंद्र सरकार पर निशाना साधने से नहीं चूक रहे हैं। राहुल गांधी के आरोपों पर भाजपा नेता भी पलटवार कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने एक प्रेस वार्ता कर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को आड़े हाथ लिया है। रविशंकर ने राहुल के बयान को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा।

रविशंकर ने कहा कि राहुल गांधी जी विदेश जाते ही आपको हो क्या जाता है? सारी मर्यादा, सारी शालीनता, लोकतांत्रिक शर्म… सब भूल जाते हैं। उन्होंने कहा, “देश की जनता राहुल को ना सुनती ना समझती है और ना ही राहुल का समर्थन करती है। राहुल इसलिए विदेश में जाकर विलाप करते हैं। कहते हैं भारत का लोकतंत्र खतरे में हैं… ये शर्मिंदगी वाली बात है। राहुल ने लंदन में अपने भाषण में भारत की लोकतंत्र, संसद, जनता, राजनीतिक व्यवस्था, न्याय व्यवस्था सामरिक सुरक्षाा सबका अपमान किया है।”

रविशंकर ने कहा, “राहुल गांधी ने कहा कि यूरोप और अमेरिका को भारत में लोकतंत्र बचाने के लिए हस्तक्षेप करना चाहिए। इसका क्या मतलब है। सरकार किसी की भी हो, हम कभी किसी विदेशी ताकत का भारत में आंतरिक हस्तक्षेप को लेकर मुखर विरोधी रहे हैं। राहुल ने भारत को शर्मसार करने का काम किया है।”

खरगे, सोनिया गांधी से भाजपा का सवाल

रविशंकर ने खरगे और सोनिया गांधी से सवाल भी किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जानना चाहती है कि क्या आप राहुल गांधी की टिप्पणी का समर्थन करते हैं। अगर समर्थन नहीं करते हैं तो खारिज करिए। सोनिया जी अपने पुत्र की गैर जिम्मेदाराना टिप्पणी का आप समर्थन करती हैं। राहुल ने देश की जनता को शर्मसार किया है।