छत्तीसगढ़

Virat Kohli Century: शतकीय पारी के दौरान बीमार थे विराट कोहली, अनुष्का शर्मा ने किया बड़ा खुलासा

नईदिल्ली : विराट कोहली ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का 75वां शतक लगाया। विराट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट की पहली पारी में 186 रन बनाए। वह दोहरा शतक लगाने से चूक गए, लेकिन इस दौरान कई रिकॉर्ड बना दिया। कोहली ने पत्नी अनुष्का शर्मा को शतक समर्पित किया। वहीं, अनुष्का ने सोशल मीडिया पर एक बड़ा खुलासा किया।

अनुष्का ने इंस्टाग्राम स्टोरी में कोहली का वीडियो शेयर करते हुए बताया कि विराट ने बीमार होने के बावजूद इतनी बड़ी पारी खेली। वह कमजोरी महसूस कर रहे थे। अनुष्का ने लिखा, ”इतने संयम के साथ बीमारी में बल्लेबाजी की है। आपने मुझे हमेशा प्रेरित किया है।” कोहली ने 1205 दिन के बाद टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाया। यह उनका 28वां टेस्ट शतक है। विराट ने पिछली बार 23 नवंबर 2019 को बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता में शतक लगाया था।

कोहली का टेस्ट में दूसरा धीमा शतक
टेस्ट क्रिकेट में यह विराट कोहली का दूसरा सबसे धीमा शतक भी है। इस शतक के लिए उन्होंने 241 गेंदों का सामना किया। कोहली का सबसे धीमा शतक 2012 में नागपुर के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ आया था। उस मैच में उन्होंने अपने शतक के लिए 289 गेंदों का सामना किया था।

मैच में क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। उस्मान ख्वाजा के 180 और कैमरून ग्रीन के 114 रन के चलते ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 480 रन बनाए। भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए। इसके जवाब में भारत ने शुभमन गिल के 128, विराट कोहली के 186 और अक्षर पटेल के 79 रन के चलते भारत ने 571 रन का स्कोर खड़ा किया। नाथन लियोन और टॉड मर्फी ने तीन-तीन विकेट लिए। पहली पारी के आधार पर भारत को 91 रन की बढ़त मिली। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक बिना कोई विकेट गंवाए तीन रन बना लिए हैं।