छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: PPE किट पहनकर एंबुलेंस से पोलिंग बूथ पहुंची कोरोना मरीज; सभी ने जमकर बजाई तालियां

PPE किट पहनकर एंबुलेंस से पोलिंग बूथ पहुंची कोरोना मरीज; सभी ने जमकर बजाई तालियां|कांकेर,Kanker - Dainik Bhaskar

कांकेर। जिले में निकाय चुनाव में एक महिला को अपने मताधिकार का प्रयोग करने से कोरोना भी नहीं रोक पाया। नरहरपुर में एक कोविड पेशेंट महिला PPE किट पहन कर पोलिंग बूथ पहुंची और वोट डाला है। महिला के पोलिंग बूथ पहुंचने के बाद वहां ड्यूटी पर मौजूद सभी अधिकारी कर्मचारियों ने जमकर तालियां बजा कर महिला का मनोबल बढ़ाया। छत्तीसगढ़ के बस्तर में 4 नगरीय निकाय चुनाव की यह पहली तस्वीर निकल कर सामने आई है।

बताया जा रहा है कि नरहरपुर निकाय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 की रहने वाली एक महिला 2 दिन पहले कोविड पॉजिटिव आ गई थी। जिसके बाद उन्हें होम आइसोलेशन में ही रखा गया है। डॉक्टरों की निगरानी में महिला का उपचार चल रहा है।

कोरोना की बीमारी से जूझ रही महिला ने सोमवार को चुनाव में अपना वोट डालने की इच्छा जाहिर की। जिसके बाद परिजनों ने प्रशासन को इसकी जानकारी दी। वहीं जिला प्रशासन ने भी महिला को अपने मताधिकार का प्रयोग करने की इजाजत दी और उन्हें एंबुलेंस से वार्ड 10 के पोलिंग बूथ लाया गया। जहां महिला ने अपना वोट डाला।

वार्ड नंबर 10 के पोलिंग बूथ में महिला ने वोट डाल अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। - Dainik Bhaskar
वार्ड नंबर 10 के पोलिंग बूथ में महिला ने वोट डाल अपने मताधिकार का प्रयोग किया

4:45 मिनट पर पहुंची बूथ
नरहरपुर में दिनभर वोटिंग चलती रही। वहीं शाम 4:45 बजे कोविड मरीज को पोलिंग बूथ लाया गया। इससे पहले बूथ में मौजूद सभी अधिकारी कर्मचारियों ने भी PPE किट पहन रखा था। साथ ही बूथ के बाहर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने फेस शील्ड पहना था। जब महिला को एंबुलेंस से लाया गया तो सभी ने खड़े होकर तालियां बजाई और मरीज का मनोबल बढ़ाया गया। बूथ के अंदर गई महिला ने 5 बजे से पहले अपने मत का प्रयोग किया।

सभी लोगों ने तालियां बज कर महिला का मनोबल बढ़ाया। - Dainik Bhaskar
सभी लोगों ने तालियां बज कर महिला का बढ़ाया मनोबल

बूथ को किया गया सेनिटाइज
कोविड पॉजिटिव महिला के वोट डालने के बाद स्वास्थ विभाग की टीम ने बूथ में सेनिटाइजर का छिड़काव करवाया। नरहरपुर के BMO प्रशांत कुमार ने कहा कि, महिला को पोलिंग बूथ तक लाने के लिए पूरी तरह से कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखा गया था। उन्हें दवा भी दी गई थी। साथ ही यहां मौजूद स्वास्थ विभाग के अन्य कर्मचारी जो सेनिटाइजर का छिड़काव कर रहे थे उन्हें भी PPE किट पहनाया गया था।