छत्तीसगढ़

Oscar 2023: आरआरआर नहीं गुजराती फिल्म छेलो शो की हुई ऑस्कर 2023 में एंट्री , क्या है फिल्म में खास?

नईदिल्ली I सिनेमा जगत के सबसे बड़े पुरस्कार ऑस्कर्स के लिए लगातार नॉमिनेशन्स हो रहे हैं। जहां कुछ दिनों पहले ‘द कश्मीर फाइल्स’ से लेकर ‘आरआरआर’ तक नाम आ रहा था, वही आज एक क्षेत्रिय भाषा की फिल्म के नाम पर इस साल ऑस्कर्स के लिए जाने पर मुहर लग गई है। जी हां, ‘आरआरआर’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ की चर्चाओं के बीच गुजराती फिल्म ‘छेलो शो’ को 95वें अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में भारत की तरफ से पहली एंट्री के लिए चुना गया है।

आपको जानकर हैरानी होगी कि गुजराती भाषा की फिल्म ‘छेलो शो’ को भारत की तरफ से 95वें ऑस्कर पुरस्कारों के लिए चुना गया है। भारत की तरफ से सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में पेश की जाने वाली फिल्मों की रेस में ‘छेलो शो’ से पहले इस साल की दो ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही थी। जिन दो फिल्मों को इस श्रेणी के लिए भारत की तरफ से एंट्री का अनुमान लगाया जा रहा था, वो ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘आरआरआर’ थीं। लेकिन बाजी गुजराती फिल्म ‘छेलो शो’ ने मार ली है।

पान नलिन द्वारा निर्देशित यह फिल्म इंग्लिश में ‘लास्ट फिल्म शो’ नाम से 14 अक्तूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। एफएफआई महासचिव सुप्रान सेन ने कहा, ‘छेलो शो’ ऑस्कर 2023 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री है। ‘छेलो शो’ सिद्धार्थ रॉय कपूर के बैनर रॉय कपूर फिल्म्स, जुगाड़ मोशन पिक्चर्स, मानसून फिल्म्स, छेलो शो एलएलपी और मार्क ड्यूल द्वारा निर्मित है। फिल्म में भाविन रबारी, भावेश श्रीमाली, ऋचा मीणा, दीपेन रावल और परेश मेहता मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसका वर्ल्ड प्रीमियर पिछले साल जून में ट्रिबेका फिल्म फेस्टिवल में किया गया था।

यह फिल्म नलिन की खुद की यादों के पिटारों से प्रेरित है, जिसमें उन्हें गुजरात के ग्रामीण इलाकों में बचपन में रहते-रहते ही फिल्मों से प्यार हो गया था। इसने अपने फेस्टिवल रन के दौरान कई पुरस्कार जीते, जिसमें स्पेन में 66वें वलाडोलिड फिल्म फेस्टिवल में गोल्डन स्पाइक भी शामिल है। ‘छेलो शो’ ने स्पेन में अपने थिएटरिकल रिलीज के दौरान बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया था।