Home » राष्ट्रीय » राष्ट्रपति के दौरे के समय ही नालंदा से बुरी खबर; मघड़ा मंदिर में भगदड़, आठ की मौत

राष्ट्रपति के दौरे के समय ही नालंदा से बुरी खबर; मघड़ा मंदिर में भगदड़, आठ की मौत

नालंदा । आज सुबह नालंदा से भारी अमंगल की सूचना आई। जहां पूरा प्रशासनिक तंत्र राष्ट्रपति के नालंदा दौरे की तैयारियों में व्यस्त था, वहीं जिले के मघड़ा देवी मंदिर में भगदड़ से आठ की जान चली गई।

इधर पूरा प्रशासनिक तंत्र नालंदा में राष्ट्रपति के दौरे की व्यवस्था में लगा था, उधर जिले के बिहारशरीफ से बुरी खबर सामने आ गई। बिहार शरीफ स्थित मघड़ा में माता शीतला अष्टमी के दरबार में मंगलवार को भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। अचानक मची इस भगदड़ में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल, बिहार शरीफ में भर्ती कराया गया है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चैत्र के अंतिम मंगलवार के कारण उमड़ी भीड़
जानकारी के अनुसार, चैत माह का अंतिम मंगलवार होने के कारण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर अचानक अफवाह फैली और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई। भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े। भागदौड़ में लोग एक-दूसरे पर चढ़ते चले गए। कुछ देर बाद जब भीड़ नियंत्रित हुई तो कुचल कर मरने वालों के शव निकलने शुरू हुए। आठ शवों को घटनास्थल से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

चीख-पुकार के बीच परिजनों को खोज रहे लोग
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। नालंदा पुलिस टीम की मामले की जांच में जुट गई है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है। आज ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नालंदा दौरा होने के कारण प्रशासनिक तंत्र वहां की व्यवस्था में था और इधर यह बड़ी घटना सामने आ गई। घटना के बाद एक घंटे तक लोग अपने परिजनों का पता करने में लगे रहे। ज्यादातर लोग परिवार के साथ आए थे, जिसके कारण बच्चों की संख्या भी ज्यादा थी।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram