छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : 5 डिग्री गिरा रात का तापमान, बस्तर में बढ़ी ठंड; प्रदेश में एक-दो दिन रहेगा मौसम शुष्क

रायपुर I दक्षिणी छत्तीसगढ़ यानी बस्तर में अचानक ठंड काफी बढ़ गई। 24 घंटे में ही रात के तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट आई। शनिवार को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री तक पहुंच गया। पारा सामान्य से चार डिग्री कम है। शुक्रवार को यह 18.6 डिग्री तक पहुंचा था। वहीं, उत्तरी छत्तीसगढ़ वाले अंबिकापुर में रात के तापमान में करीब एक डिग्री की वृद्धि होने से ठंड थोड़ी कम हो गई है। रायपुर में शनिवार को ठंड सामान्य रही। रात का तापमान 18.9 डिग्री रिकार्ड किया गया। शुष्क हवा आ रही है, लेकिन रात का तापमान में बहुत अधिक गिरावट आने की संभावना नहीं है। हालांकि यहां ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले एक-दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। रात के तापमान में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। देश के दक्षिणी हिस्से और तटीय राज्यों में बारिश के कारण प्रदेश में भी नमी पहुंचने लगी। इस वजह से रात के तापमान में कमी आनी थम गई थी। शुक्रवार को बस्तर में नमी घटने के बाद मौसम शुष्क हुआ। इससे रात के तापमान में तेजी से गिरावट आई। 24 घंटे में ही पारा 5 डिग्री तक गिर गया। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री तक कम था।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि यहां एक से डेढ़ डिग्री की और गिरावट आने पर शीतलहर के हालात बन जाएंगे। दूसरी तरफ अंबिकापुर में नमी बढ़ने के कारण रात के तापमान में वृद्धि हो गई हैं। यहां शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री था, जो शनिवार को बढ़कर 15.8 डिग्री पहुंच गया। बिलासपुर में भी पारा सामान्य के आसपास है। दोनों शहरों की अपेक्षा पेंड्रारोड में ठंड कम है। यहां न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री है, जो सामान्य से एक कम है।

रात के तापमान में बहुत ज्यादा अंतर की संभावना नहीं
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारायणपुर में 12.2 डिग्री रिकार्ड किया गया है। प्रदेश में अभी शुष्क हवा के आने का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं नमी भी बनी हुई है। इसलिए रात के तापमान में बहुत अधिक अंतर आने की संभावना नहीं है। रविवार को रायपुर में रात का तापमान 18 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।