छत्तीसगढ़

जांजगीर : पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष गिरफ्तार, नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगे थे 3 लाख रुपए

जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने के मामले में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुनीराम कश्यप को गिरफ्तार कर लिया गया है। 2014 में एसबीआई में चपरासी और स्वास्थ्य कार्यकर्ता के तौर पर नौकरी लगाने का झांसा देने वाले पुनीराम के खिलाफ पुलिस ने धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया था। मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, संतोष कश्यप ने नवागढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुनीराम कश्यप से उसकी जान-पहचान थी। उसने साल 2014 में उसके दो बेटों मनबोध कश्यप को एसबीआई में चपरासी और दूसरे बेटे गजानंद कश्यप को स्वास्थ कार्यकर्ता के तौर पर नौकरी लगवाने की बात कही थी। वो उसके झांसे में आ गया और दोनों बेटों की नौकरी लगाने के लिए 3 लाख रुपए दे दिए।

रुपए देने के कई महीनों बाद भी जब उसके दोनों बेटों की नौकरी नहीं लगी, तो उसने पुनीराम से अपने 3 लाख रुपए वापस मांगे। जिस पर पुनीराम कश्यप ने पैसा वापस करने की बात कही। संतोष कश्यप ने कहा कि जब भी वो पैसा मांगने जाता था, तो आरोपी आज पैसे दूंगा, कल दूंगा कहकर उसे टाल देता था। इस तरह से 9 साल बीत गए। इसके बाद उसने 19 अगस्त को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

इसके बाद पुलिस ने रविवार को पुनीराम कश्यप को उसके घर अमोरा गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुनीराम कश्यप ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।