छत्तीसगढ़

चंद्रयान 3 रोवर : रोवर ने चंद्रमा पर 8 मीटर की दूरी की तय, ISRO ने चंद्रयान 3 पर दिया ताजा अपडेट

नईदिल्ली : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चंद्रयान-3 का रोवर प्रज्ञान चांद के दक्षिणी ध्रुव पर घूम रहा है. इसरो (ISRO) ने शुक्रवार (25 अगस्त) को ट्वीट (X) कर इस बारे में जानकारी दी.

इसरो ने लिखा, “रोवर ने लगभग 8 मीटर की दूरी सफलतापूर्वक तय कर ली है. रोवर पेलोड LIBS और APXS चालू हैं. प्रोपल्शन मॉड्यूल, लैंडर मॉड्यूल और रोवर पर सभी पेलोड नॉमिनली प्रदर्शन कर रहे हैं.” 

रोवर के बाहर आने का वीडियो किया जारी

इससे पहले इसरो ने रोवर प्रज्ञान के लैंडर से बाहर निकलने का वीडियो भी जारी किया था जोकि लैंडर के इमेजर कैमरे में कैद हुई थी. भारत के चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर मॉड्यूल ने इतिहास रचते हुए बुधवार (23 अगस्त) को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की.

लैंडिंग के कुछ घंटे बाद बाहर आया था रोवर

लैंडिंग के कुछ घंटे बाद रोवर विक्रम लैंडर से बाहर आ गया था. इसरो ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर रोवर के बाहर आने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, “और इसी के साथ चंद्रयान-3 का रोवर, लैंडर से निकलकर इस तरह चंद्रमा की सतह पर चला.”

दक्षिणी ध्रुव पर रचा इतिहास

लैंडर मॉड्यूल ने 23 अगस्त को शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर चांद के दक्षिणी ध्रुव की सतह पर लैंड किया था. इसी के साथ चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला भारत पहला देश बन गया था. साथ ही चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश भी बन गया था.