छत्तीसगढ़

चंदामामा की सतह पर खेलने लगा रोवर प्रज्ञान, लैंडर विक्रम ने कुछ यूं रिकॉर्ड किया वीडियो

नईदिल्ली : चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग करने के बाद से ही रोवर प्रज्ञान और लैंडर विक्रम रोजाना अहम जानकारियां धरती पर भेज रहे हैं. इसी बीच लैंडर विक्रम ने चांद की सतह से इसरो को रोवर प्रज्ञान का एक मजेदार वीडियो भी भेजा है. इस वीडियो में रोवर सेफ रूट की तलाश में 360 डिग्री घूमता नजर आ रहा जिससे ऐसा लग रहा है कि वह चांद की सतह पर डांस कर रहा है.

इसरो ने यह वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘सुरक्षित रास्ते की तरफ रोटेशन लेते हुए रोवर प्रज्ञान का वीडियो लैंडर विक्रम ने रिकॉर्ड किया है. इस वीडियो में ऐसा लग रहा है कि एक बच्चा चंदामामा के आंगन में खेल रहा है और उसकी मां प्यार से उसको खेलते हुए देख रही है.

रोवर प्रज्ञान ने ढूंढा ऑक्सीजन और गंधक
इससे पहले मंगलवार (29 अगस्त 2023) को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि रोवर प्रज्ञान पर लगे एक उपकरण ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास गंधक होने की पुष्टि की है. इसरो ने यह भी कि कहा कि उपकरण ने उम्मीद के मुताबिक एल्युमीनियम, कैल्शियम, लौह, क्रोमियम, टाइटेनियम, मैंगनीज, सिलिकॉन और ऑक्सीजन का भी पता लगाया है.

इसरो ने बताया, ‘चंद्रमा की सतह पर रोवर के जरिए वैज्ञानिक प्रयोग जारी हैं रोवर पर लगे लेजर संचालित ब्रेकडाउन स्पेक्ट्रोस्कोप (एलआईबीएस) उपकरण ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सतह में गंधक होने की स्पष्ट रूप से पुष्टि की है. उम्मीद के मुताबिक एल्युमीनियम, कैल्शियम, लौह, क्रोमियम, टाइटेनियम, मैंगनीज, सिलिकॉन और ऑक्सीजन का भी पता चला है. हाइड्रोजन की तलाश जारी है.’