छत्तीसगढ़

फुटबॉल: भारत 13 साल बाद एशियाई खेलों के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचा, म्यांमार से ड्रॉ रहा मुकाबला

नईदिल्ली : एशियाई खेलों के पुरुष फुटबॉल स्पर्धा में भारतीय टीम का सामना म्यांमार से हो रहा है। टीम इंडिया के लिए यह करो या मरो वाला मुकाबला है। रविवार (24 सितंबर) को ग्रुप में भारत का यह तीसरा मुकाबला है। भारत ने मैच में पहला गोल कर दिया। कप्तान सुनील छेत्री ने 23वें मिनट में पेनल्टी पर गोल दागा। म्यांमार ने दूसरे हाफ में वापसी की और 76वें मिनट में गोल कर मैच को 1-1 की बराबरी पर ला दिया है।

रहीम अली ने 22वें मिनट में म्यांमार के हेन जेयर लिन को छकाते हुए गेंद पर कब्जा किया। वह गोलकीपर को छकाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पा रहे थे। इसी बीच बॉक्स में हेन जेयर लिन ने उन्हें गिरा दिया। भारत को पेनल्टी मिल गई। सुनील छेत्री आगे बढ़कर पेनल्टी लेने आए। उन्होंने 23वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में डालकर भारत को मैच में आगे कर दिया।

चीन के खिलाफ मिली थी हार
भारत को अपने पहले मुकाबले में मेजबान चीन के खिलाफ 1-5 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ टीम ने 1-0 से जीत हासिल की थी। अगर टीम इस मैच में जीतती है तो नॉकआउट राउंड में पहुंच जाएगी। वहीं, ड्रॉ होने पर दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। अगर भारत को हार मिलती है तो टीम एशियाई खेलों से बाहर हो जाएगी।

अंक तालिका की स्थिति
भारत और म्यांमार के दो-दो मैच में तीन-तीन अंक हैं। गोल अंतर में भी दोनों बराबरी पर है, लेकिन भारत ने टूर्नामेंट में म्यांमार से एक गोल ज्यादा किए हैं। इस आधार पर वह दूसरे और म्यांमार तीसरे पायदान पर है। चीन दो मैच में छह अंक के साथ पहले स्थान पर है। वहीं, बांग्लादेश के शून्य अंक हैं।