छत्तीसगढ़

चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी पर बेटे नारा लोकेश ने खोया आपा, CM जगन को कहा पागल आदमी…

नई दिल्ली। तेलुगु देशम पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे है। सोमवार (2 अक्टूबर) को दिल्ली के लोधी एस्टेट में टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव नारा लोकेश और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भूख हड़ताल कर प्रदर्शन किया।चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश का कहना है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री उनके खिलाफ झूठे मामले डाल रहे हैं। उन्होंने इसे राजनीतिक जादू-टोना करार दिया है।

‘आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में एक पागल व्यक्ति’

नारा लोकेश ने कहा कि नायडू दक्षता, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा के लिए जाने जाते हैं। आज, हमारे पास आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में एक पागल व्यक्ति है और वह एक विश्वसनीय राजनेता के खिलाफ झूठे मामले डाल रहे है। यह एक राजनीतिक जादू-टोना के अलावा और कुछ नहीं है। नारा लोकेश ने आगे कहा कि उन्होंने दो मामले तैयार रखे हैं, अगर इस मामले में नायडू को जमानत मिल जाती है, तो उन्हें दो अन्य मामलों में फिर से रिमांड पर लिया जा सकता है।

पत्नी और मां को भी जेल में डालने की दी धमकी

नारा लोकेश ने दावा किया है कि सरकार उन पर भी झूठे मुकदमे लगा रही है और उनकी पत्नी और मां को भी जेल में डालने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि अब एक ऐसे मामले में पेश होने का नोटिस दिया है जो मेरे मंत्री रहते हुए मेरे मंत्रालय से बिल्कुल असंबंधित था। वे कई लोगों को नोटिस भेज रहे हैं। उन्होंने मेरी पत्नी और मेरी मां के खिलाफ मामला दर्ज करने और उन्हें जेल भेजने की भी धमकी दी है। नारा लोकेश ने कहा, यह एक पागल प्रशासन है जिससे हम आंध्र प्रदेश राज्य में निपट रहे हैं। मैं हर भारतीय से आग्रह करता हूं कि वे नायडू के साथ खड़े हों और उनका समर्थन करें।

कैंडल मार्च से लेकर निकाली जा रही रैलियां

बता दें कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू की रिहाई की मांग करते हुए ‘मैं सीबीएन के साथ हूं’ पोस्टर लेकर दिल्ली के लोधी एस्टेट में भूख हड़ताल किया। कैंडल मार्च से लेकर रैलियों तक टीडीपी कार्यकर्ता देशभर में अपना आक्रोश दिखाकर चंद्रबाबू नायडू की रिहाई की मांग कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि चंद्रबाबू नायडू को करोड़ों रुपये के कौशल विकास घोटाला मामले में 9 सितंबर को आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने गिरफ्तार किया था।