छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर दी जान, 19 साल के लड़के को 15 साल की लड़की से हो गया था प्यार, शादी के लिए नहीं मान रहे थे घरवाले

दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की नाबालिग थी, इसलिए घर वाले नहीं मान रहे थे। लड़के की उम्र 19 और लड़की की उम्र 15 साल थी। मामला कुआकोंडा थाना क्षेत्र का है।

सप्ताहभर पहले दोनों घर से लापता हो गए गए। शनिवार को जंगल में एक पेड़ से नाबालिग लड़की की लाश फांसी पर लटकी मिली, जबकि लड़के का शरीर दो टुकड़ों में बरामद हुआ है। लाश इतनी सड़ गई थी कि फांसी के फंदे से लड़के की लाश गर्दन से टूट गई, जिसकी वजह से सिर और धड़ अलग-अलग हो गया।

लड़की नाबालिग थी, इसलिए नहीं माने घरवाले

जानकारी के मुताबिक, जिले के टिकनपाल गांव का रहने वाला हूंगा राम ताती (19) बेड़मा की रहने वाली 15 साल की नाबालिग से कुछ महीनों पहले संपर्क में आया। दोनों के बीच दोस्ती हुई, फिर दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने शादी कर साथ रहने का मन बनाया। प्रेमी जोड़े ने परिवार वालों को अपने रिश्ते के बारे में बताते हुए शादी के लिए कहा, लेकिन लड़की 8वीं क्लास में पढ़ती थी और उसकी उम्र भी केवल 15 साल थी, इसलिए परिजनों ने उन्हें इनकार कर दिया।

अचानक घर छोड़कर चले गए थे दोनों

परिवारवालों ने दोनों से पहले पढ़ाई पूरी करने को कहा और बाद में शादी के बारे में सोचने की बात कही। इधर दोनों तुरंत शादी करना चाहते थे, इसलिए लड़की अचानक सप्ताहभर पहले अपने घर से लापता हो गई।

नाबालिग लड़की अपने प्रेमी के घर चली गई थी। उसने अपने घरवालों को इसकी जानकारी नहीं दी। उस दिन लड़के के परिजन भी घर पर नहीं थे। बताया जा रहा है कि दोनों घर पर ही कुछ घंटे तक साथ में थे। इसके बाद कहीं वहां से चले गए थे। शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

एक ही साड़ी का फंदा बनाकर दोनों ने दी जान

घर वालों को इनके बारे में मालूम था, इसलिए पुलिस को भी सूचना नहीं दी थी। दोनों प्रेमी पेंटा के नजदीक जंगल में गए और साड़ी का फंदा बनाकर एक साथ लटककर अपनी जान दे दी।

दो टुकड़ों में मिला शव

शनिवार को इलाके के कुछ ग्रामीण जंगल गए हुए थे, जिन्होंने दोनों के शव को देखा। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। जवान मौके पर पहुंचे, तो देखा कि लड़की का शव फंदे से लटक रहा है, जबकि लड़के का सिर धड़ से अलग होकर जमीन पर गिरा हुआ है। कुआकोंडा थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा ने बताया कि शव पूरी तरह से सड़ गया है, इसी वजह से वो फंदे से टूटकर गिर गया। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।