छत्तीसगढ़

AUS vs NED: ऑस्ट्रेलिया ने दर्ज की विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत, नीदरलैंड को 309 रन से हराया

AUS vs NED World Cup Live: ICC WC 2023 Australia vs Netherlands Today Match at Arun Jaitley Stadium

ऑस्ट्रेलिया बनाम नीदरलैंड – फोटो : सोशल मीडिया

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने नीदरलैंड को विश्व कप में बुरी तरह हरा दिया। उसने 309 रन से बड़ी जीत हासिल की। यह विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी और ओवरऑल वनडे इतिहास की दूसरी बड़ी जीत है। ऑस्ट्रेलिया ने विश्व कप में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। उसने 2015 में अफगानिस्तान के खिलाफ पर्थ में 275 रन से जीत हासिल की थी। वहीं, ओवरऑल वनडे में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भारत के नाम है। उसने 2023 में श्रीलंका के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में 317 रन से जीत हासिल की थी। 

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 399 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम 21 ओवर में 90 रन पर सिमट गई। कंगारू टीम ने विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत हासिल की। 

जम्पा ने चटकाए चार विकेट
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए नीदरलैंड को 21 ओवर में समेट दिया। उसके लिए स्पिनर एडम जम्पा ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। मिचेल मार्श को दो सफलता मिली। मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस ने एक-एक विकेट लिया। नीदरलैंड के पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। विक्रमजीत सिंह ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए। तेजा निदामानुरू ने 14, स्कॉट एडवर्ड्स ने नाबाद 12, साइब्रैंड ने 11 और कॉलिन एकरमैन ने 10 रन बनाए। मैक्स ओडाड छह, बास डी लीडे चार और आर्यन दत्त एक रन बनाकर आउट हुए। लोगन वान बीक, रूलोफ वान डेर मर्वे और पॉल वान मीकेरेन खाता भी नहीं खोल पाए। 

वॉर्नर और मैक्सवेल ने जड़ा शतक
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 399 रन बनाए। कंगारू टीम के लिए डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल ने रिकॉर्ड शतक लगाया। वॉर्नर ने छठा शतक लगाते हुए पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए। वहीं, मैक्सवेल ने आखिरी ओवरों में तूफानी पारी खेली और 40 गेंद पर ही शतक पूरा कर लिया। वह सबसे कम गेंदों पर विश्व कप में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। वॉर्नर ने 93 गेंद पर 104 और मैक्सवेल ने 44 गेंद पर 106 रन बनाए। 

वॉर्नर और मैक्सवेल के अलावा स्टीव स्मिथ ने 71 और मार्नश लाबुशेन ने 62 रन बनाए। जोश इंगलिश ने 14 और कप्तान पैट कमिंस ने नाबाद 12 रन बनाए। मिचेल मार्श नौ और कैमरन ग्रीन आठ रन बनाकर आउट हुए। मिचेल स्टार्क खाता नहीं खोल पाए। एडन जम्पा ने एक रन बनाए। नीदरलैंड के लिए लोगन वान बीक ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। बास डी लीडे को दो सफलता मिली। आर्यन दत्त ने एक विकेट अपने नाम किया।