छत्तीसगढ़

जांजगीर: चलती ट्रेन से गिरे 2 युवक, दोनों की हालत नाजुक, एक को बचाने के चक्कर में दूसरा भी गिरा; बिलासपुर रेफर

जांजगीर-चांपा में चलती ट्रेन से गिरे 2 युवक। - Dainik Bhaskar

जांजगीर। जांजगीर चांपा जिले के कोटमीसोनर रेलवे स्टेशन के पास चलती पैसेंजर ट्रेन से 2 युवक रेलवे ट्रैक पर नीचे गिर पड़े। दोनो युवकों को गंभीर चोट आई है। अकलतरा सीएचसी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। एक युवक को उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। दूसरे युवक का इलाज जारी है। अकलतरा थाना क्षेत्र की घटना है।

मिली जानकारी अनुसार सिटी कोतवाली जांजगीर क्षेत्र के ग्राम खोखरा के रहने वाला रघुनाथ राठौर और बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के ग्राम लखुर्री के रहने वाला दीपक कर्ष जो कि पठानकोट काम से गए हुए थे। वहां से वापस लौट रहे थे। दोनों बिलासपुर से पैसेंजर ट्रेन पर सवार होकर जांजगीर आ रहे थे।

इस दौरान कोटमीसोनार रेलवे स्टेशन पहुंचे हुए थे, तभी गेट के पास बैठा रघुनाथ राठौर चलती ट्रेन से नीचे गिर गया, जिसे बचाने की कोशिश के दौरान दीपक कर्ष भी गिर गया। जहां दोनों युवकों को चोट आई है।

रघुनाथ राठौर के शिर पर गंभीर चोट आई है। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी अस्पताल अकलतरा में भर्ती कराया गया। जहां गंभीर रूप से घायल रघुनाथ राठौर को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। वहीं दीपक का उपचार सीएचसी अस्पताल अकलतरा में चल रहा है।