छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : एग्जिट पोल पर बोले बीजेपी के अध्यक्ष अरुण साव, हमारा सैंपल साइज बहुत बड़ा है

रायपुर : छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और लोकसभा सांसद अरुण साव ने एग्जिट पोल में बताये जा रहे अनुमान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। अरुण साव ने कहा कि एग्जिट पोल सीमित सैंपल साइज का होता है। भारतीय जनता पार्टी का सैंपल साइज बहुत बड़ा है। हमारे पास कार्यकर्ताओं की लंबी फेहरिस्त है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने आगे कहा कि मैं डेढ़ साल से पूरे छत्तीसगढ़ में घूम रहा हूं। एक-एक विधानसभा में गया। जनता से संवाद किया। कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उस आधार पर मैं बहुत स्पष्ट रूप से कह सकता हूं कि छत्तीसगढ़ में 3 दिसंबर को जब मतगणना होगी, तब भाजपा की सरकार बनेगी और कमल खिलेगा।

अरुण साव ने आगे कहा कि जिस प्रकार से भाजपा ने मोदी की गारंटी छत्तीसगढ़ की जनता के सामने प्रस्तुत की है, लगातार हमारे केंद्रीय नेताओं के प्रवास हुए हैं, सभाएं हुई हैं और कांग्रेस सरकार की जो विफलताएं हैं, हर वर्ग की जनता को कांग्रेस की सरकार ने ठगने का काम किया, धोखा देने का काम किया। अपराध का गढ़ बना दिया। नशे का गढ़ बना दिया। भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया। विकास पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। एक भी काम ऐसा नहीं किया, जिसे वह अपनी उपलब्धि बता सके। इसलिए 3 दिसंबर को छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने वाली है।

अरुण साव ने कहा कि एग्जिट पोल एक अनुमान है। तब भी जिस तरह के रुझान एग्जिट पोल में सामने आए हैं, वे कांग्रेस के लिए बहुत बड़ा सदमा हैं और भाजपा के इस विश्वास पर मुहर लगा रहे हैं कि जनता ने कांग्रेस को छुट्टी दे दी है। भाजपा को छत्तीसगढ़ के विकास और जनसेवा की जिम्मेदारी मिल रही है। यह केवल एक झलक है कि 80 पार के दावे करने वाली कांग्रेस किसी सर्वे में इसके आधे पर नजर आ रही है तो भाजपा 48 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाती दिखाई दे रही है।