छत्तीसगढ़

भारत सरकार की पाकिस्तान से मांग- 26/11 हमले का मास्‍टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद को जल्द हमें सौंप दो

नईदिल्ली : लश्कर-ए- तैयबा का सरगना और मुंबई में 26/11 हमले का मास्टरमाइंड आंतकी हाफिज सईद को भारत लाने के लिए भारत सरकार ने पाकिस्तान की सरकार के सामने आधिकारिक मांग रखी है. भारत सरकार ने प्रत्यर्पण को लेकर कानूनी प्रकिया पूरी करने की अपनी मांग रखी है. अमेरिका ने उस पर 1 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है।

हाफिज मोहम्मद सईद मुंबई में 26/11 आतंकी हमले का मास्टरमाइंड है। इस हमले में 166 लोग मारे गए थे। लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का संस्थापक हाफिज मोहम्मद सईद प्रतिबंधित जमात-उद-दावा (JuD) के कुछ अन्य नेताओं के साथ पाक में 2019 से जेल में बंद है। उसे आतंकी फंडिंग मामलों में दोषी ठहराया गया है। सईद के नेतृत्व वाला JuD लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का फ्रंटल संगठन है।

सईद की पार्टी भी चुनाव लड़ेगी

पाकिस्तान में फरवरी 2024 के आम चुनाव होने है। इसमें आतंकी सईद की पार्टी पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) भी किस्मत आजमा रही है। हाफिज ने अपने बेटे तल्हा सईद को भी उम्मीदवार बनाया है। मुंबई के 26/11 हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को नवंबर 2020 में टेरर फंडिंग के दो मामलों में पंजाब की आतंकवाद निरोधी अदालत 10 साल जेल की सजा सुना चुकी है। इतना ही नहीं कोर्ट ने सईद की संपत्ति को भी जब्त करने व 1.1 लाख रुपये के जुर्माने का भी आदेश दिया था।

हाफिज सईद पर 2008 में मुबंई हमले, 2019 में पुलवामा हमले समेत कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने का दोषी पाया गया है. वैश्विक स्तर पर भी हाफिज सईद आतंकवादी घोषित किया जा चुका है. संयुक्त राष्ट्र ने भी हाफिज सईद को आतंकवादियों की सूची में डाल दिया है. फिलहाल वह पाकिस्तान की जेल में ‘सजा काट’ रहा है.