छत्तीसगढ़

सरकार बनाने का दावा नहीं करेगा इंडिया गठबंधन? खरगे ने कहा- हम उचित समय पर उचित कदम उठाएंगे

नईदिल्ली : दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं की बैठक हुई तो दूसरी तरफ INDIA गठबंधन के नेताओं ने भी आगे की रणनीति तैयार करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास में मंथन किया। हालांकि, विपक्षी गठबंधन द्वारा सरकार बनाने के दावे पर संशय बरकरार है लेकिन, खरगे ने यह स्पष्ट कर कहा है ‘हम उचित समय पर उचित कदम उठाएंगे।’

खरगे ने भाजपा पर साधा निशाना
बैठक में विचार-विमर्श करने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि INDIA गठबंधन, पीएम मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के फासीवादी शासन के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा सरकार को नहीं चाहती है और इसलिए INDIA गठबंधन द्वारा जनता की इच्छा को साकार करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। 

हमने संघर्ष किया और एकजुट होकर लड़े- खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा ‘हमने अच्छा संघर्ष किया, एकजुट होकर और दृढ़ता से लड़े।’ खरगे ने आगे कहा ‘INDIA गठबंधन उन सभी दलों का स्वागत करता है जो हमारे संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हैं।’ कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि इस बार जनादेश निर्णायक रूप से पीएम मोदी और उनकी राजनीति की शैली के खिलाफ है।

देश की जनता का आभार- खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा INDIA गठबंधन के सभी घटक दल देश की जनता का आभार प्रकट करते हैं। लोकसभा चुनाव के जनादेश ने भाजपा नेताओं और उनकी नफरत, भ्रष्टाचार की राजनीति को करारा जवाब दिया है। भारत के संविधान की रक्षा के लिए और महंगाई, बेरोजगारी और साठगांठ वाले पूंजीवाद के खिलाफ INDIA गठबंधन भाजपा के फासीवादी शासन के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा।’ 

बैठक में शामिल रहे ये नेता
विपक्ष की बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, एमके स्टालिन, अभिषेक बनर्जी, तेजस्वी यादव, राघव चड्ढा, शरद पवार, डी राजा, संजय राउत, अखिलेश यादव, चंपई सोरेन, सुप्रिया सुले और अन्य घटक दलों के नेता भी शामिल रहे।