छत्तीसगढ़

IND vs SA: मंधाना ने वनडे करियर का छठा शतक जड़ा, द. अफ्रीका के खिलाफ 99/5 के स्कोर के बाद भारत ने बनाए 265 रन

नईदिल्ली : भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में शतक जड़ दिया है। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में मंधाना 116 गेंद पर वनडे करियर का छठा और ओवरऑल अंतरराष्ट्रीय करियर का सातवां शतक लगाया। उनकी इस पारी की बदौलत एक वक्त 99 पर पांच विकेट गंवा चुकी टीम इंडिया ने 265 का स्कोर बना लिया है। मंधाना ने 127 गेंद पर 12 चौके और एक छक्के की मदद से 117 रन की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 92.13 का रहा। मंधाना की पारी की बदौलत भारत ने 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 265 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका के सामने 266 रन का लक्ष्य रखा है।

भारत की पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। शेफाली वर्मा सात रन, दयालन हेमलता 12 रन, कप्तान हरमनप्रीत कौर 10 रन, जेमिमा रॉड्रिग्स 17 रन और विकेटकीपर ऋचा घोष तीन रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद मंधाना ने दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी निभाई। दीप्ति 48 गेंद में तीन चौके की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुईं। इस साझेदारी को अयाबोंगा खाका ने दीप्ति को बोल्ड कर तोड़ा। इसके बाद मंधाना ने पूजा वस्त्राकर के साथ सातवें विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी निभाई। मंधाना को आखिरकार मसाबाता क्लास ने कप्तान सुने लूस के हाथों कैच कराया। वह 117 रन बना सकीं। अपनी पारी में उन्होंने 12 चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा पूजा ने 42 गेंद में तीन चौके की मदद से 31 रन की नाबाद पारी खेली। राधा यादव छह रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, आशा शोभना आठ रन बनाकर नाबाद रहीं। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अयाबोंगा खाका ने तीन विकेट लिए, जबकि मसाबात क्लास को दो विकेट मिले। वहीं, एनेरी डर्कसेन, नोनूकुलूलेको मलाबा और नोंदूमिसो शंगासे को एक-एक विकेट मिला।

मंधाना का भारत में पहला वनडे शतक

यह मंधाना का अपने घर में पहला वनडे शतक भी है। इससे पहले पांच शतक उन्होंने विदेशी जमीन पर लगाए हैं। मंधाना ने वनडे करियर का पहला शतक 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया था। इसके बाद दूसरा वनडे शतक उन्होंने 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ जड़ा था। वनडे करियर का तीसरा शतक स्मृति मंधाना ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2018 में लगाया था। वहीं, अपना चौथा वनडे शतक मंधाना ने 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगाया था। मंधाना ने वनडे करियर का पांचवां शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ 2022 में लगाया था। यानी वह वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में दो-दो शतक जड़ चुकी हैं। 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मंधाना ने 129 गेंद में 14 चौके और एक छक्के की मदद से 135 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 104.65 का रहा था।