छत्तीसगढ़

IND vs AFG: जो उपलब्धि विराट ने 113 टी 20 में जाकर हासिल की, सूर्यकुमार ने महज 64 मैच खेलकर ही कर ली उनकी बराबरी

नईदिल्ली : टी20 विश्व कप में 2024 में भारत ने अपने पहले सुपर-8 मुकाबले में अफगानिस्तान को 47 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम सुपर-8 के ग्रुप-1 में शीर्ष पर पहुंच गई है। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने 28 गेंद में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 53 रन की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 189.29 का रहा। जहां बाकी भारतीय बल्लेबाज रन बनाने के लिए जूझते दिखे, वहीं सूर्या ने बड़ी आसानी से अपने अनऑर्थोडॉक्स शॉट खेले और अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किए।

गेंद बल्ले पर ठीक से नहीं आ रही थी, लेकिन सूर्या को इससे फर्क नहीं पड़ा और वह रन बटोरते गए और भारत को 181 के स्कोर तक पहुंचने में मदद किया। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। सूर्यकुमार को उनकी बेहतरीन पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

यह सूर्यकुमार का 64वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच था और इतने मैचों में वह अब तक 15 बार प्लेऑफ ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीत चुके हैं। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के मामले में विराट कोहली की बराबरी की। विराट भी 15 बार प्लेयर ऑफ द मैच बने हैं। हालांकि, विराट ने इसके लिए 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे, जबकि सूर्यकुमार ने उनसे लगभग आधे मैच खेले हैं और उनकी बराबरी कर ली है।

विराट टी20 अंतरराष्ट्रीय में पिछली बार प्लेयर ऑफ द मैच 2022 टी20 विश्व कप के दौरान बने थे। छह नवंबर 2022 को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच के दौरान नाबाद 64 रन की पारी के लिए विराट प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। इसके बाद विराट आठ मैच खेल चुके हैं, लेकिन प्लेयर ऑफ द मैच नहीं बन पाए। 2022 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 50 रन बनाए थे। इसके बाद से छह पारियों में उनके बल्ले से कोई अर्धशतक नहीं निकला है। विराट के नाम 121 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 137.6 के स्ट्राइक रेट से 4066 रन हैं। इनमें एक शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक प्लेयर ऑफ द मैच (POTM) अवॉर्ड पाने वाले खिलाड़ी

खिलाड़ीमैचPOTM अवॉर्ड
सूर्यकुमार यादव6415
विराट कोहली12115
वीरनदीप सिंह7814
सिकंदर रजा8614
मोहम्मद नबी12614

वहीं, बात करें सूर्यकुमार की तो उन्होंने 2022 टी20 विश्व कप के बाद से 24 मैच खेले हैं और तीन शतक जड़े हैं। 2022 टी20 विश्व कप के बाद से सूर्या इस प्रारूप में टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस दौरान 24 मैचों में 51 की औसत और 156.29 के स्ट्राइक रेट से 969 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने तीन शतक के अलावा सात अर्धशतक भी लगाए हैं। नाबाद 112 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है।

वहीं, विराट ने 2022 टी20 विश्व कप के बाद से छह मैचों में 9.66 की औसत और 116 के स्ट्राइक रेट से 58 रन बनाए हैं। टी20 विश्व कप 2024 में भी विराट का बल्ला अभी तक नहीं चला है और चार पारियों में वह महज 29 रन बना पाए हैं। इनमें 1, 4, 0 और 24 रन की पारी शामिल है। भारत को सुपर-8 में अपना अगला मुकाबला 22 जून को बांग्लादेश के खिलाफ एंटीगुआ में खेलना है। इसके बाद टीम इंडिया 24 जून को सेंट लूसिया में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने टी20 विश्व कप में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की। भारत ने अफगानिस्तान को 47 रनों से हराया और सुपर आठ चरण के ग्रुप एक मैच में जीत दर्ज की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में बुमराह और अर्शदीप ने तीन-तीन विकेट झटके जिसके दम पर भारत ने 20 ओवर में अफगानिस्तान को 134 रनों पर ढेर कर दिया। अफगानिस्तान के लिए अजमातुल्लाह ओमरजई ने 20 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 26 रन बनाए।

खिलाड़ीमैचरनउच्चतम
स्कोर
स्ट्राइक
रेट
10050
सूर्यकुमार यादव24969112*156.2937
यशस्वी जायसवाल17502100161.9314
ऋतुराज गायकवाड़10365123*147.1712
रिंकू सिंह1535669*176.2302
तिलक वर्मा1633655*139.4102