छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: प्रदेश में मानसून सक्रिय, आज कई जिलों में बारिश की संभावना; ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी

रायपुर। बीजापुर और सुकमा में अटका मानसून शुक्रवार को रायपुर, पेंड्रा, कोरबा और रायगढ़ जिले के कुछ हिस्से तक पहुंच गया है। धमतरी, गरियाबंद, राजनांदगांव और दुर्ग जिले में भी मानसून सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक एक-दो दिन में प्रदेश के पूरे हिस्सों में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है।

मानसून ने पिछले 48 घंटे में पूरा मध्य छत्तीसगढ़ कवर करने के बाद उत्तरी हिस्से को भी टच कर लिया है। जांजगीर, कबीरधाम, बिलासपुर, रायगढ़, कोरिया और आसपास के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान अच्छी वर्षा हुई। इस दौरान रायपुर के खरोरा में 96 मिमी बारिश हुई।

अगले 2 दिनों में तेज वज्रपात गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने आज 6 जिलों गरियाबंद, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, कोंडागांव, कांकेर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अब तक हुई बारिश औसत से 48 फीसदी कम है।

प्रदेश में आज इन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। - Dainik Bhaskar

प्रदेश में आज इन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।

6 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट 

मौसम विभाग के मुताबिक आज रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के सभी जिलों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 6 जिलों गरियाबंद, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, कोंडागांव, कांकेर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों आज मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के बाकी सभी जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

जून में अब तक 48 फीसदी कम बारिश
प्रदेश में मानसून 8 जून को ही पहुंच गया था। इसके बाद करीब दस दिनों तक मानसून की गतिविधियां थोड़ी कमजोर रहीं। 20 जून को दुर्ग और 21 जून को रायपुर में सक्रिय हुआ। इस दौरान अब तक पूरे प्रदेश में 49.9 मिमी वर्षा हुई है। यह औसत से 48 फीसदी कम है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 21 जून तक राज्य में 96.7 मिमी औसत बारिश होती है। प्रदेश में मानसून सक्रिय हो चुका है और अगले सप्ताह भर अच्छी बारिश की संभावना है। इससे बारिश का कोटा पूरा होने की उम्मीद है।

रायपुर में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और बारिश होने का अनुमान है। रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। - Dainik Bhaskar

रायपुर में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और बारिश होने का अनुमान है। रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

शुक्रवार को ऐसा रहा तापमान 

शुक्रवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री बीजापुर में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री पेंड्रा में दर्ज हुआ। रायपुर में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री रहा। बिलासपुर में 35 डिग्री तापमान रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम था। इसी तरह जगदलपुर में 30.3 डिग्री, दुर्ग में 34.2 रहा, जो औसत से 2 डिग्री कम था। अंबिकापुर में 35.3 और राजनांदगांव में 36 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में रातभर हुई

रायपुर में मानसून पहुंचने के बाद शुक्रवार शाम से तेज बारिश शुरू हुई। रात भर हल्की से मध्यम बारिश होती रही। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और बारिश होने का अनुमान है। रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

बिलासपुर में मानसून की दस्तक

मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब बिलासपुर भी पहुंच चुका है। गुरुवार को शाम होते ही बादल छाए और ठंडी हवाएं चलने लगीं। इसके बाद कहीं ज्यादा तो कहीं कम बारिश हुई। हालांकि, रिमझिम बारिश देर रात तक होती रही। जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। शुक्रवार को यहां तापमान 35 डिग्री रहा। 

बस्तर में सबसे पहले पहुंचा मानसून, लेकिन बारिश का इंतजार

छत्तीसगढ़ के बस्तर में मानसून की एंट्री के बाद भी लोग बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे हैं। उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं। शुक्रवार को बस्तर संभाग का दंतेवाड़ा जिला 33.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। कुछ जिलों में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। बस्तर के लोग अभी भी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।

करीब 12-13 दिन पहले सुकमा के रास्ते बस्तर में मानसून ने एंट्री ली थी। शुरुआत के एक-दो दिन हल्की बारिश भी हुई थी। मानसून सुकमा से आगे बढ़कर बीजापुर पहुंचा था, लेकिन असर देखने को नहीं मिला। भीषण गर्मी से लोग काफी परेशान हो रहे हैं।