छत्तीसगढ़

वरिष्ठ भाजपा नेता एलके आडवाणी एम्स में भर्ती, हालत स्थिर, यूरोलॉजी विभाग में हो रहा इलाज

नईदिल्ली : बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को एम्स में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार करीब 10:30 बजे यूरीन की समस्या को लेकर पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को एम्स के पुराने प्राइवेट वार्ड में भर्ती किया गया है। यूरोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं। बताया जाता है कि उनकी हालत स्थिर है।

आडवाणी और भाजपा: जनसंघ के संस्थापकों में शुमार रहे वयोवृद्ध राजनेता
लालकृष्ण आडवाणी ने जनसंघ से राजनीतिक सफर शुरू किया। 1980 में इस संगठन का नाम बदलकर भारतीय जनता पार्टी हुआ। इसके बाद उन्होंने सबसे ज्यादा समय तक पार्टी के अध्यक्ष का पद संभाला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे आडवाणी कई वर्षों तक राजस्थान में आरएसएस प्रचारक के काम में लगे रहे। वह उन लोगों में शामिल हैं जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी की नींव रखी थी।

पाकिस्तान के कराची में 8 नवंबर, 1927 को एक हिंदू सिंधी परिवार में जन्मे आडवाणी को भारत सरकार ने इसी साल देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा है। 2015 नें उन्हें भारत के दूसरे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।1998 से 2004 के बीच भाजपा के नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) में गृहमंत्री रह चुके हैं। लालकृष्ण आडवाणी 2002 से 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में भारत के सातवें उप प्रधानमंत्री का पद संभाल चुके हैं। 10वीं और 14वीं लोकसभा के दौरान उन्होंने विपक्ष के नेता की भूमिका बखूबी निभाई है।