छत्तीसगढ़

जांजगीर : गोबर गैस की टंकी में मिला किशोरी का शव, आत्महत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस

जांजगीर। जांजगीर- चांपा जिले के बरगवा में घर के पीछे बने गोबर गैस की टंकी में 17 वर्षीय किशोरी अंजनी यादव का शव मिला है। टंकी के पास चप्पल होने पर घर वालों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टंकी से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है। घटना अकलतरा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार कल दोपहर 12 बजे से अंजनी यादव घर पर नहीं थी। स्वजनों ने आसपास तलाश की मगर कुछ पता नहीं चला। इस दौरान घर के पीछे जाकर देखा तो किशोरी का चप्पल गोबर गैस की टंकी के पास पड़ा हुआ था। अनहोनी की शंका होने पर अकलतरा थाने में सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने टंकी को खाली कराया तो उसमें किशोरी का शव दिखा, जिसे बाहर निकाला गया। यह आत्महत्या है या फिर हादसा इस पर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।