छत्तीसगढ़

गले मिलने पर साथी खिलाड़ी को पंत ने दिया धक्का, स्वीमिंग पूल में गिरा, सामने आया चौंकाने वाला वीडियो

नईदिल्ली : भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अपने अपने मजाकिया अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उन्हें अक्सर सीनियर खिलाड़ियों के साथ मस्ती करते देखा जाता है। अब सोशल मीडिया पर उनकी मस्ती का एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पंत को अपने साथी खिलाड़ी को परेशान करते देखा जा रहा है। उन्होंने उसे पानी में फेंक दिया।

पंत ने दिया साथी खिलाड़ी को पानी में धक्का
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पंत अपने साथी खिलाड़ी खलील अहमद को स्वीमिंग पूल में फेंक देते हैं। पंत रिजॉर्ट पर घूमते दिख रहे हैं। वहीं, खलील उन्हें देखकर पीछे-पीछे आते हैं और स्टार खिलाड़ी से गले मिलने की कोशिश करते हैं। तभी पंत उन्हें स्वीमिंग पूल में धक्का दे देते हैं। वीडियो में देखा जा सकता है पंत उन्हें पानी में फेंकने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखते और चल देते हैं। हालांकि, कुछ देर बाद वह वापसी करते हैं और खलील को बाहर निकालने में मदद करते हैं।

फैंस को पसंद आ रहा वीडियो
भारतीय खिलाड़ियों की मस्ती का यह वीडियो फैंस को खूब पसंद आ रहा है। इस पर वह जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। माना जा रहा है कि यह वीडियो टी20 विश्व कप 2024 का है। अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले गए इस टूर्नामेंट में पंत 15 सदस्यीय स्क्वॉड का हिस्सा थे जबकि खलील रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल थे।

भारत ने 17 साल बाद जीता खिताब
बारबाडोस में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराया था। इस जीत के साथ भारत ने 11 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म कर दिया। भारत ने इससे पहले 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। वहीं, भारत ने 17 साल बाद टी20 विश्व कप जीता है। 13 साल बाद कोई विश्व कप जीता है। 2011 में भारत ने वनडे विश्व कप जीता था।