छत्तीसगढ़

पेरिस ओलिंपिक्स 2024: चीन की जियाओ ने लिया पीवी सिंधू से टोक्यो ओलंपिक का बदला, भारतीय शटलर को 2-0 से हराया

नईदिल्ली : भारतीय शटलर पीवी सिंधू को तगड़ा झटका लगा। बुधवार को चीन की ही बिंग जियाओ ने उन्हें 2-0 से हराकर टोक्यो ओलंपिक की हार का बदला ले लिया। महिला एकल प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की विश्व की छठे नंबर की खिलाड़ी ही बिंग जियाओ के खिलाफ सीधे गेम में हारकर सिंधू पेरिस खेलों से बाहर हो गईं। 29 वर्षीय खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रहीं और उन्हें 56 मिनट तक चले राउंड ऑफ 16 मुकाबले में बिंग जियाओ ने 21-19, 21-14 से हराया। रियो डी जेनेरियो और टोक्यो ओलंपिक में रजत और कांस्य पदक जीतने वाली सिंधू ने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर नॉकआउट चरण के लिए क्वालिफाई किया था।

लगातार दो मैच जीतकर प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंची थीं सिंधू
सिंधू ने ग्रुप स्टेज का अपना लगातार दूसरा मुकाबला जीतकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने एस्टोनिया की क्रिस्टीन कूबा को 21-5, 21-10 से हराकर नॉकआउट स्टेज में जगह बनाई थी। यह मुकाबला 33 मिनट तक चला। सिंधू ने पहला गेम 14 मिनट और दूसरा गेम 19 मिनट में अपने नाम किया। इससे पहले उन्होंने ग्रुप एम के पिछले मैच में मालदीव की फातिमा अब्दुल रज्जाक को 21-9, 21-6 से हराया था।