छत्तीसगढ़

वीडियो : क्रिकेट के बाद अब बैडमिंटन में हाथ आजमाते नजर आए महेंद्र सिंह धोनी, लगाए शानदार स्मैश

नईदिल्ली : भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन खेल के प्रति उनका लगाव अभी भी कम नहीं हुआ है। ऐसा नहीं है कि धोनी सिर्फ क्रिकेट खेलना ही पसंद करते हैं, वह अन्य खेलों में रुचि रखते हैं। धोनी झारखंड में अपने गृह नजर में टेनिस खेलते दिखे थे और अपने दोस्तों के साथ अमेरिका में गोल्फ भी खेले थे। हालांकि, अब धोनी बैडमिंटन में भी हाथ आजमाते नजर आए हैं।

धोनी ने एक बार फिर दिखाया कि वह एक खिलाड़ी के तौर पर फिट हैं और अभी भी उनमें काफी क्रिकेट बचा हुआ है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है जिसमें धोनी बैडमिंटन कोर्ट पर नजर आ रहे हैं और स्मैश लगाते दिख रहे हैं। धोनी आईपीएल 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेलते हुए घुटने की चोट से परेशान दिखे थे। हालांकि, अब लग रहा है कि सीएसके के पूर्व कप्तान धोनी चोट से उबर चुके हैं और फिट दिख रहे हैं। बैडमिंटन सीजन के दौरान धोनी स्मैश लगाते दिखे जिसका उनके विपक्षी खिलाड़ी पर कोई जवाब नहीं था।

धोनी के प्रशंसकों में इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि धोनी अगले साल आईपीएल का हिस्सा होंगे या नहीं। आईपीएल के नियमनुसार पांच साल से अधिक समय पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले खिलाड़ी को अनकैप्ड खिलाड़ी माना जाता था, लेकिन 2021 में यह नियम समाप्त कर दिया गया था। हाल ही में सीएसके के सीईओ कासी विश्वनाथ ने कहा था कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) नियम को लेकर फैसला लेगा।  

धोनी ने भी अपने संन्यास को लेकर चुप्पी तोड़ी थी और कहा था कि वह कोई भी फैसला लेने से पहले आईपीएल 2025 के लिए होने वाली मेगा नीलामी को देखते हुए रिटेंसन नियम को देखेंगे। धोनी ने एक कार्यक्रम में कहा था, रिटेंसन नियम को लेकर फैसला करने के लिए फ्रेंचाइजी और मैनेजमेंट के पास अभी काफी समय है। जब यह सब तय हो जाएगा, उस वक्त मैं कोई फैसला लूंगा। गेंद अभी मेरे पाले में नहीं है। जब नियम तय होंगे, तभी कोई फैसला लिया जाएगा। अंत में हम सभी चाहेंगे कि कोई भी फैसला सीएसके के हित में हो।