छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: शॉर्टकट तरीके से कमाई करना पड़ा महंगा, 89 लाख रूपए की ठगी का शिकार हुआ डॉक्टर, FIR दर्ज

रायपुर जिले में एक डॉक्टर से करीब 89 लाख की ऑनलाइन ठगी हो गई। आरोपियों ने गेमिंग कंपनी में इनवेस्ट करने पर 40 प्रतिशत मुनाफा देने का झांसा दिया। इसके बाद ठगों ने 88 लाख 75 हजार रुपए ऐंठ लिए।

आरोपियों ने 40 से ज्यादा किश्तों में डॉक्टर से पैसे लिए और फिर उसकी मूल रकम भी नहीं लौटाई। डॉक्टर ने आरोपी ठगों के खिलाफ खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

टेलीग्राम से कनेक्ट हुए फिर जाल में फंसाया

खम्हारडीह थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा के मुताबिक, डॉक्टर डॉ. अषित कुमार ने शिकायत की है कि, आरोपियों से टेलीग्राम चैनल से संपर्क हुआ था। आरोपियों ने ऑनलाइन रॉयल गेमिंग कंपनी में पैसा लगाने पर बडा मुनाफा देने की बात कही थी।

आरोपियों ने कम इनवेस्टमेंट पर ज्यादा मुनाफा दिलाने का लालच दिया, तो डॉक्टर ने उनके बताए खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। समय पूरा होने पर जब डॉक्टर ने पैसे मांगे, तो आरोपियों ने और इनवेस्टमेंट करने के लिए कहा। डॉक्टर ने आरोपियों की बात नहीं मानी, तो आरोपियों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया।

4 महीने पहले भी एक डॉक्टर हुआ था शिकार

रायपुर में मई 2024 में भी एक डॉक्टर के साथ 2 करोड़ 92 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई। डॉक्टर ने फेसबुक पर विज्ञापन देख बड़े मुनाफे की लालच में ऐप के जरिए इन्वेस्ट किया था। शातिर ठगों ने वर्चुअली मोटी रकम दिखाकर कमीशन के नाम पर 25 से 30 बार में रुपए वसूल लिए। मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है।

ठगी का शिकार होने पर कहां करें शिकायत 

साइबर क्राइम के मामले में शिकार होने पर सबसे पहले नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर सेल से संपर्क करें। वहां अपनी शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा भी अपनी शिकायत सरकार और पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। इसके 2 तरीके हैं-

  • cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत करें। शिकायत दर्ज कराने के लिए पोर्टल पर उपलब्ध वाणी चैट बोट की मदद ले सकते हैं। 
  • साइबर फाइनेंशियल क्राइम हेल्पलाइन नंबर 155260 के जरिए भी शिकायत कर सकते हैं।