छत्तीसगढ़

भाजपा ने कांग्रेस की इन 13 सीटों पर लगाई सेंध… हाथ ने भी कमल से छीनी ये 12 सीटें

नईदिल्ली : हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 47 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल करने के साथ ही जीत की हैट्रिक भी लगाई है। कांग्रेस 37 सीटें जीतकर दूसरे नंबर पर है। 90 विधानसभा सीटों में भाजपा ने जीत के लिए कांग्रेस की ओर से पिछले विधानसभा चुनाव में जीती गईं 13 सीटों पर सेंध लगाई है। जबकि कांग्रेस ने भाजपा की 12 सीटों पर कब्जा जमाया है। वहीं, कांग्रेस को हराने में उनकी ही पार्टी के तीन बागी निर्दलीय प्रत्याशियों की अहम भूमिका भी रही है।

2019 के विधानसभा चुनाव में कालका सीट से कांग्रेस के प्रदीप चौधरी ने भाजपा की लतिका शर्मा को 5931 वोटों से हराया था। 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की शक्ति रानी शर्मा ने प्रदीप चौधरी को हराकर कांग्रेस से सीट छीन ली। जबकि पंचकूला से पूर्व डिप्टी स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता को हराकर कांग्रेस के चंद्रमोहन ने भाजपा से यह सीट छीन ली।

भाजपा ने कांग्रेस की ये सीटें जीतीं
कालका से शक्ति रानी शर्मा, रादौर से श्याम सिंह राना, लाडवा से नायब सिंह सैनी, इसराना से कृष्ण लाल पंवार, समालखा से मनमोहन भड़ाना, खरखौदा से पवन खरखौदा, सोनीपत से निखिल मदान, गोहाना से अरविंद कुमार शर्मा, सफीदों से राम कुमार गौतम, महेंद्रगढ़ से कंवरपाल सिंह यादव, रेवाड़ी से लक्ष्मण यादव, फरीदाबाद एनआईटी से सतीश फागना, बड़खल से धनेश अदलखा जीते हैं।

कांग्रेस ने भाजपा की ये सीटें जीतीं
पंचकूला से चंद्रमोहन, अंबाला शहर से निर्मल सिंह मोहरा, जगाधरी से अकरम खान, थानेसर से अशोक कुमार अरोड़ा, पेहवा से मनदीप सिंह, कलायत से विकास सहारण, कैथल से आदित्य सुरजेवाला, फतेहाबाद से बलवान सिंह दौलतपुरिया, रतिया से जरनैल सिंह, लोहारू से राजबीर सिंह फरटिया, नांगल चौधरी से मंजू चौधरी, हथीन से मोहम्मद इजराइल ने जीत दर्ज की है।

बागियों की वजह से कांग्रेस प्रत्याशियों की हार और जमानत जब्त
अंबाला कैंट, तिगांव और बल्लभगढ़ सीट से चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस के तीन प्रत्याशियों की उनकी ही पार्टी के बागी नेताओं के निर्दलीय लड़ने के कारण जमानत जब्त हुई है। इनमें अंबाला कैंट से बागी चित्रा सरवारा को 52581 वोट मिले, जो अनिल विज से 7277 वोटों से हार गईं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी परविंदर पाल परी 14469 वोट पाकर अपनी जमानत नहीं बचा पाए। इसी तरह फरीदाबाद जिले की बल्लभगढ़ सीट से कांग्रेस से टिकट न मिलने से नाराज शारदा राठौर 44076 वोट पाकर भाजपा के मूलचंद शर्मा से 17370 वोटों से हार गईं।

यहां कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई। वहीं, तिगांव सीट से कांग्रेस के बागी ललित नागर ने 56828 वोट लिए जो भाजपा के राजेश नागर से 37 हजार 401 वोटों से हार गए। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी पराग की जमानत जब्त हो गई। किसी चुनाव में उम्मीदवार को जमानत बचाने के लिए कुल वैध वोटों का एक-छठा भाग (16.66) फीसदी से अधिक वोट हासिल करना होता है।