छत्तीसगढ़

सूरजपुर हत्याकांड के बाद हटाए गए SP, प्रशांत ठाकुर बने नए पुलिस अधीक्षक

सूरजपुर। सूरजपुर में हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की पत्नी और बेटी की हत्या और बवाल के बाद एसपी एम.आर.अहिरे को हटा दिया गया है। उन्हें पुलिस मुख्यालय रायपुर भेज दिया गया है। उनकी जगह पर प्रशांत कुमार ठाकुर नए एसपी बनाए गए हैं। गृह विभाग ने देर रात आदेश जारी किया है।

दरअसल, हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुलदीप साहू को 20 अक्टूबर 2023 को तत्कालीन जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने एक साल के लिए जिलाबदर किया था। इस दौरान वो पुलिस के संरक्षण में सूरजपुर में घूमता रहा। पुरानी बाजार कृषि मंडी रोड के दुर्गापूजा समिति का अध्यक्ष भी था। इसके कार्ड भी बांटे गए थे।

एसपी से लेकर टीआई स्तर तक के अधिकारी मुख्य आरोपी को संरक्षण देने के आरोपों से घिरे हैं। इसलिए सरगुजा आईजी अंकित गर्ग ने मुख्य आरोपी को पुलिस संरक्षण देने की जांच के लिए अलग से जांच टीम बनाई है। आरोपी को धारा 188 के तहत गिरफ्तारी के बाद जमानत पर होने की जानकारी पुलिस ने दी थी। इन आरोपों के बाद अब एसपी पर गाज गिरी है।

पुलिस ने मास्टरमाइंड कुलदीप साहू से पिस्टल बरामद कर लिया है। कुलदीप ने भागते हुए पुलिस पर 8 राउंड फायरिंग की थी। अफसरों की माने तो जल्द ही कुलदीप के अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया जाएगा। घर को ढहाकर पार्क बनाने की तैयारी है। कुलदीप साहू को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

तालिब शेख की मां मैमूना शमीम और बड़े भाई मोहम्मद आरिफ ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। मां ने कहा कि, इस घटना से हम लोग टूट गए हैं। 15 दिन के अंदर फास्ट ट्रैक कोर्ट से फांसी की सजा मिलनी चाहिए। वहीं तालिब के बड़े भाई मोहम्मद आरिफ ने दोनों मृतकों को शहीद का दर्जा देने की मांग की है।

दरअसल, 13 अक्टूबर की रात कुलदीप साहू ने 2 साथियों NSUI जिलाध्यक्ष सीके चौधरी और रिंकू सिंह के साथ मिलकर हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की पत्नी और बेटी की चाकुओं से हत्या कर दी थी। उनके शवों को आरोपियों ने कार में डालकर 5 किलोमीटर दूर खेत में फेंक दिया था।

रविवार को संयुक्त पुलिस परिवार ने आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान आरोपियों के पुतलों को फांसी दी गई। उक्त मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर 15 दिनों में आरोपियों को फांसी देने की मांग संयुक्त पुलिस परिवार ने की।

संयुक्त पुलिस परिवार के संयोजक उज्जवल दीवान के आह्वान पर रविवार को कोतवाली के सामने स्थित पुराने बस स्टैंड परिसर में लोग जुटे थे। विरोध प्रदर्शन में सूरजपुर नगर पालिका अध्यक्ष केके अग्रवाल भी शामिल हुए। हालांकि प्रदर्शन में सूरजपुर पुलिस परिवार के सदस्य शामिल नहीं हुए।

इस दौरान केके अग्रवाल ने कहा कि आरोपी कुलदीप के अवैध घर और बाउंड्रीवाल को गिराने के लिए नगर पालिका तैयार है। प्रशासन का साथ मिले तो प्रशासन और नगर पालिका उसके अवैध घर को ढहा देगी। उस जगह पर पार्क बनाया जाएगा।

कुलदीप साहू को हत्या के बाद भागते हुए पुलिस ने रात में पकड़ने की कोशिश की थी। हालांकि तब तक पुलिस को दोहरे हत्याकांड की जानकारी ही नहीं थी। कुलदीप साहू ने विश्रामपुर टीआई अलरिक लकड़ा की टीम पर पिस्टल से फायरिंग की थी।

पुलिस ने कुलदीप साहू की निशानदेही पर करवां में सहयोगी सूरज साहू के घर के पीछे स्थित केले के पेड़ों में छिपाए गए पिस्टल को बरामद कर लिया है। करवां से ही कुलदीप साहू का मोबाइल और कार की चाबी भी बरामद की गई है। कुलदीप साहू की रिमांड आज समाप्त हो रही है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी कुलदीप के साले ग्राम खड़गवां निवासी नीलकेश्वर साहू (26) को भी साक्ष्य छिपाने में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।