![](https://chhattisgarhvaibhav.com/wp-content/uploads/2025/01/Screenshot_2025-01-29-21-13-30-86_40deb401b9ffe8e1df2f1cc5ba480b12-1024x559.jpg)
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के यमुना में जहर मिलाने के दिए बयान के खिलाफ कड़ा रुख अपना लिया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से बुधवार को सोनीपत की सीजेएम की अदालत में केजरीवाल के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 2 (डी ) और 54 के तहत केस दायर किया है। अदालत ने राज्य सरकार की याचिका स्वीकार कर केजरीवाल को नोटिस भेज उन्हें 17 फरवरी को तलब कर लिया है। सीजेएम सोनीपत की अदालत ने यह भी कहा है कि यदि केजरीवाल 17 फरवरी को उपस्थित नहीं होते हैं तो यह माना जाएगा कि उन्हें मामले में कुछ नहीं कहना और आगे की कार्यवाही कानून के अनुसार की जाएगी।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से राई जल सेवा प्रभाग के कार्यकारी अभियंता आशीष कौशिक ने सोनीपत के अदालत में केस दायर किया है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया, 28 जनवरी को यमुना नदी से सटे आसपास के गांवों के लोगों की एक भीड़ सिंचाई विभाग के परिसर में एकत्र हुई और पूछताछ करने लगी कि हरियाणा सरकार ने यमुना नदी में जहर क्यों डाला है। इस जहर से कई लोगों और जानवरों की मौत हो सकती है। जब लोगों से पूछा गया कि उनकी जानकारी का स्रोत क्या है। इस पर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो क्लिप दिखाई, जिसमें अरविंद केजरीवाल यह बयान देते नजर आ रहे थे कि हरियाणा सरकार ने यमुना नदी के पानी में जहर मिला दिया है।
वीडियो में वह आगे कहते हुए दिख रहे हैं कि दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों की सतर्कता की वजह से इसकी जानकारी मिल गई और दिल्ली के कई निवासियों की जान बचाई है। शिकायतकर्ता ने भीड़ को शांत किया और उन्हें आश्वासन दिया कि वायरल वीडियो में जिस तरह का दावा किया जा रहा है, वैसा कुछ भी नहीं हुआ है और यह बिल्कुल गलत बयान है। उसके बाद भीड़ शांत हुई और लोग वहां से चले गए।
पीएम मोदी और हरियाणा सरकार ने किया पलटवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बुधवार को केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आप-दा लोग हार के डर से हताश हो गए हैं और गलत आरोप लगा रहे हैं। दिल्ली के करतार नगर में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा के लोगों पर झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगा रहे हैं। हरियाणा क्या दिल्ली से अलग है? क्या वहां के लोगों के रिश्तेदार और बच्चे दिल्ली में नहीं रहते? क्या वे अपने ही लोगों के लिए पानी में जहर मिलाएंगे?
केजरीवाल का बयान राजनीतिक स्टंट
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केजरीवाल के बयान को राजनीतिक स्टंट करार दिया और कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली चुनाव से पहले जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
आप का भाजपा पर पलटवार
आप ने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाया था कि वह जानबूझकर यमुना में औद्योगिक कचरा बहा रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली के लोगों को मारने के लिए यमुना में जहर मिला रही है। इस पानी को पीने से कई लोगों की जान जा सकती है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी भाजपा पर पानी की आपूर्ति बाधित करने का आरोप लगाया और कहा कि दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में हार के डर से भाजपा गंदी राजनीति कर रही है।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, भाजपा वाले हरियाणा में पानी में जहर मिला रहे हैं और इसे दिल्ली भेज रहे हैं। अगर दिल्ली के लोग यह पानी पी लें, तो कई लोगों की मौत हो सकती है। क्या इससे घिनौनी हरकत कुछ और हो सकती है? दिल्ली में कई इलाकों में जल आपूर्ति प्रभावित होने के बाद यह विवाद और तेज हो गया है। हालांकि, हरियाणा सरकार ने साफ किया है कि वह दिल्ली को शुद्ध और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।