छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : माशिमं ने लिस्ट जारी की, राज्य के 38 निजी स्कूलों को मिली मान्यता, 5 नहीं दूर कर पाए कमियां

रायपुर I राज्य के 38 निजी स्कूलों को मान्यता मिली है। आवेदन में मिली कमियों को तय समय में सुधार नहीं कर पाने वाले पांच स्कूलों के आवेदनों को अमान्य कर दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। इससे पहले शिक्षा सत्र 2022-23 में राज्य के 42 स्कूलों को मंडल ने मान्यता दी थी। जानकारी के अनुसार कुछ महीने पहले मान्यता के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल को 89 निजी स्कूलों के आवेदन मिले थे। मान्यता से संबंधित शर्तें पूरी करने पर इनमें 42 स्कूलों को मान्यता पहले ही दे दी गई थी। 5 के आवेदन निरस्त किए गए थे।

42 निजी स्कूल ऐसे भी थे जिनमें कुछ कमियां मिली थी। इन्हें सुधार के लिए समय दिया गया था। 42 में से 38 स्कूलों ने कमियों को दूर किया। इस वजह से उन्हें मान्यता दी गई। पांच में अब भी कमियां पाई गई। मंडल की नई मान्यता लिस्ट में रायपुर जिले के 7, बिलासपुर में 8, जांजगीर व दुर्ग में 3-3, कोरबा व गरियाबंद में 2-2, महासमुंद, बीजापुर, कांकेर, बेमेतरा, बलौदाबाजार, रायगढ़ में 1-1 स्कूल शामिल हैं।

गौरतलब है कि हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों को माध्यमिक शिक्षा मंडल से मान्यता दी जाती है। बोर्ड परीक्षा के लिहाज से यह मान्यता जरूरी होती है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले तक मान्यता समिति नहीं बनने की वजह से स्कूलों के आवेदन मंडल में जाम हो रहे थे। अब लगातार बैठकों और जांच के बाद स्कूलों को मान्यता मिल रही है।