छत्तीसगढ़

Alia Bhatt Delivery: कपूर खानदान में गूंजी किलकारी, आलिया भट्ट ने बेबी गर्ल को दिया जन्म

नईदिल्ली I आखिर इंतजार पूरा हुआ। कपूर खानदान में किलकारी गूंज उठी है। जी हां, आलिया भट्ट मां बन गई हैं। आलिया भट्ट ने आज बेबी गर्ल को जन्म दिया है। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का यह पहला बच्चा है। कपूर और भट्ट परिवार में सब एक-दूसरे को बधाईयां दे रहे हैं। वहीं, फैंस भी इस गुड न्यूज को सुनने के बाद खुशी से झूम उठे हैं। बता दें कि आज सुबह ही आलिया भट्ट डिलीवरी के लिए मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल पहुंचीं। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट दोनों को अस्पताल में जाते हुए स्पॉट किया गया, इसके बाद से ही फैंस खुशखबरी के लिए बेसब्र थे।

आपको बता दें कि इस साल जून में आलिया भट्ट ने अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी फैंस के साथ शेयर की थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की थी। अब आलिया भट्ट और रणबीर कपूर के घर एक नन्ही परी ने जन्म ले लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आलिया भट्ट सुबह करीब साढ़े सात बजे अस्पताल में भर्ती हुईं। रिपोर्ट्स के अनुसार आलिया पिछले कुछ दिनों से रोजाना करीब 11 से 12 बजे के करीब अस्पताल आ रही थीं। आलिया भट्ट ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए फैंस के साथ यह गुड न्यूज शेयर की है। उन्होंने एक पोस्टर शेयर किया है, जिस पर शेर-शेरनी और शावक की तस्वीर है। इसके साथ उन्होंने लिखा है, ‘हमारी जिंदगी की बेस्ट न्यूज। हमारा बेबी आ गया है। वह बिल्कुल एक जादुई गुड़िया जैसी लगती है। अभिभावक बनने की खुशी महसूस हो रही है।’

गौरतलब है कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर इसी साल 14 अप्रैल को शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों ने अपनी शादी को काफी प्राइवेट रखा था, जिसमें सिर्फ कुछ करीबी लोग और परिवार के सदस्य शामिल हुए थे। शादी के कुछ समय बाद ही आलिया और रणबीर ने प्रेग्नेंसी का एलान किया। पहले तो लोग इस न्यूज से हैरान रह गए थे लेकिन फिर सेलेब्स से लेकर फैंस तक ने आलिया और रणबीर को ढेर सारी बधाई दी थी। प्रेग्नेंसी के एलान के तुरंत बाद ही आलिया अपनी फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के प्रमोशन में बिजी हो गई थीं। इस दौरान अभिनेत्री के चेहरे पर दिख रहे प्रेग्नेंसी ग्लो की हर किसी ने तारीफ की।

आज सुबह आलिया की डिलीवरी से पहले उनके पिता महेश भट्ट ने बयान दिया। एक मीडिया बातचीत के दौरान महेश भट्ट ने कहा, ‘एक नए सूर्योदय का इंतजार है। जीवन की एक ताजा जगमगाती ओस की बूंद’। अब महेश भट्ट आखिर नाना बन गए हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो आलिया जल्द ही करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में’ नजर आएंगी। इसके अलावा वह ‘जी ले जरा’ को लेकर भी खबरों में हैं। इस फिल्म में वह प्रियंका चोपड़ा और कटरीना कैफ के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। वहीं रणबीर कपूर जल्द ही लव रंजन की फिल्म में नजर आएंगे, जिसका शीर्षक अभी तय नहीं है।