छत्तीसगढ़

कोरबा : महिला का पैर जाली में फंसा, गैस कटर से ग्रिल काटकर निकाला गया; अक्सर असावधानी के चलते होते हैं ऐसे हादसे

कोरबा I कोरबा शहर में बुधवारी मुख्य मार्ग पर मौजूद राम-जानकी मंदिर के पास एक महिला का पैर मंदिर में प्रवेश करने वाली जाली में फंस गया। सोमवार देर शाम महिला मंदिर के बगल में लगे स्वेटर की दुकान में खरीदारी करने के लिए आई थी। मवेशी को देख वो मंदिर की तरफ से जाने लगी, इसी दौरान उसका पैर जाली में फंस गया।

मंदिर की जाली में पैर फंसा हुआ देख आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए। महिला ने बहुत कोशिश की, लेकिन उसका पैर जाली से नहीं निकल पाया। इसके बाद मोबाइल पर उसने अपने पति को घटना की सूचना दी। पति ने रेस्क्यू टीम के सदस्य योगेश कुमार साहू को कॉल किया। इसके बाद योगेश साहू ने मौके पर पहुंचकर गैस कटर से ग्रिल को काटा। तब जाकर महिला का पैर उसमें से निकला। दोनों पति-पत्नी इसके बाद तुरंत मौके से रवाना हो गए।

महिला की पहचान उजागर नहीं हो सकी है। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने महिला को पहली बार दुकान में देखा था। उन्होंने महिला से उसका नाम और पता पूछने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात का कोई जवाब नहीं दिया। पति से भी पूछने पर उसने अपना नाम और पता नहीं बताया। महिला और उसके पति ने लोगों से वीडियो नहीं बनाने को भी कहा।हालांकि लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। आसपास के लोगों ने काफी सहयोग किया। लेकिन महिला का पैर निकलते ही वो तुरंत अपने पति के साथ वहां से चली गई। इधर लोगों ने किसी के साथ कोई बड़ी दुर्घटना टल जाने से राहत की सांस ली।