छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : गुरुकुल के 20 बच्चे फूड प्वाइजनिंग के शिकार, हॉस्टल में खाना खाने के बाद बिगड़ी तबियत, सभी हॉस्पिटल में एडमिट, 2 की हालत गंभीर

जगदलपुर I छ्त्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित संस्कार द गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ने वाले करीब 20 बच्चे फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए हैं। सभी बच्चों को अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। बताया जा रहा है कि, रात में हॉस्टल में फ्राइड राइस, मंचूरियन और दोषा खाने के बाद कई बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिन्हें अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। 2 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर के चिढ़ईपदर में स्थित संस्कार द गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल का यह पूरा मामला है। यह सभी बच्चे स्कूल कैंपस में ही मौजूद हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं। बच्चों ने बताया कि, मंगलवार की शाम हॉस्टल मेस में फास्ट फूड बना था। जिसे खाने के बाद ही उनकी तबियत बिगड़नी शुरू हुई। एकाएक बच्चों को उल्टी दस्त होने लगा। 7 बच्चों की तबियत देर रात ज्यादा बिगड़ गई, जिन्हें देर रात ही जगदलपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

कुछ बच्चों को सुबह अस्पताल लाया गया है। हालांकि, कुछ इलाज के बाद घर चले गए हैं। इनमें 2 छात्रों की हालत गंभीर बनी हुई है। कई बच्चों का अब भी अस्पताल में इलाज जारी है। हॉस्टल प्रबंधन ने बच्चों के परिजनों को भी इसकी जानकारी दी है। इधर, परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि, पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। बच्चों को दूषित खाना परोसा जाता है। इस मामले में प्रबंधन का कहना है कि, वे इसकी जांच कर रहे हैं।