Home » कोरबा » कोरबा: तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को रौंदा, मौके पर मौत; ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम

कोरबा: तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को रौंदा, मौके पर मौत; ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम

कोरबा। कोरबा जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर जारी है। उरगा थाना क्षेत्र के खेरभावना गांव के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह कंवर (47) के रूप में हुई है। वह कनबेरी गांव के रहने वाले और स्वर्गीय दुबराज सिंह कंवर के बेटे थे। सुरेंद्र कोरबा से काम खत्म कर साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान खेरभावना के पास हादसा हो गया।
शव रखकर ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर करीब दो घंटे तक चक्का जाम किया। ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।

25 हजार की सहायता के आश्वासन पर हटाया जाम

पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया और 25 हजार रुपए की तत्काल सहायता राशि देने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम खत्म कर दिया।

स्ट्रीट लाइट नहीं होने से हादसों का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि खेरभावना के पास सड़क पर अंधेरा रहता है। स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण यहां आए दिन हादसे होते हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्ट्रीट लाइट लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

अज्ञात कार चालक की तलाश

सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फरार कार चालक की तलाश कर रही है।

थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram