Home » कोरबा » कोरबा: तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, बच्ची की मौत; माता-पिता और भाई गंभीर

कोरबा: तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, बच्ची की मौत; माता-पिता और भाई गंभीर

कोरबा। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के बांगो थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में तीन साल की बच्ची की हाइड्रा के पहिए में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची के माता-पिता और एक साल का भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक हाइड्रा छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, तनेरा निवासी राम कुमार पोर्ते अपनी पत्नी प्रेम लता पोर्ते, तीन साल की बेटी स्नेहा पोर्ते और एक साल के बेटे इसरुस्तम के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। वे रावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइड्रा ने ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

बाइक हाइड्रा के पहिए में फंसी, बच्ची की मौत

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक हाइड्रा के अगले पहिए में फंस गई। हाइड्रा बाइक को कुछ दूरी तक घसीटता रहा। इसी दौरान तीन साल की स्नेहा पहिए की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राम कुमार, प्रेम लता और एक साल का इसरुस्तम सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागा

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने हाइड्रा को रुकवाया और घायलों को संभाला। इसी दौरान चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे के समय चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे की असली वजह पता चलेगी।

112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची

सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी में रखा गया है।

हाइड्रा जब्त, चालक की तलाश

बांगो पुलिस ने मामला दर्ज कर हाइड्रा को जब्त कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram