Home » कोरबा » कोरबा: कमरे में आग लगने से 11वीं के छात्र की मौत, अंदर से बंद था दरवाजा; ऑयल पेंट-माचिस बरामद

कोरबा: कमरे में आग लगने से 11वीं के छात्र की मौत, अंदर से बंद था दरवाजा; ऑयल पेंट-माचिस बरामद

कोरबा। कोरबा जिले के दीपका बस्ती में 11वीं के छात्र की जलकर मौत हो गई। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर पर मौजूद थे, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इस वजह से समय पर मदद नहीं पहुंच सकी। यह मामला दीपका थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय दिलीप कंवर दिलीप आत्मानंद स्कूल दीपका में कक्षा 11वीं का छात्र था। सुबह करीब साढ़े दस बजे दिलीप की बड़ी मां घर की छत पर कपड़े सुखा रही थी। तभी उन्हें नीचे कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत परिजनों को आवाज दी।

जब परिजन मौके पर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा। पूरा कमरा धुएं से भरा था और दिलीप गंभीर रूप से जला हुआ पड़ा था। उसे तुरंत बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना पर दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को कमरे से ऑयल पेंट और माचिस मिला है।

परिजनों और मोहल्ले के लोगों में चर्चा है कि शायद मोबाइल फटने से आग लगी हो, या फिर यह आत्महत्या का मामला हो। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के सही कारणों का पता फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।

सप्लीमेंट्री पास कर तीन दिन पहले ही स्कूल गया था दिलीप

मृतक दिलीप आत्मानंद स्कूल दीपका में कक्षा 11वीं का छात्र था। सप्लीमेंट्री परीक्षा पास करने के बाद उसने करीब तीन दिन पहले ही स्कूल जाना शुरू किया था। कुछ ही दिनों में उसकी अर्धवार्षिक परीक्षा होने वाली थी, जिसकी वह तैयारी कर रहा था। उसके पिता एसईसीएल की बगदेवा खदान के ब्लास्टिंग विभाग में काम करते हैं।

घटना के बाद परिवार का बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram