कोरबा। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया 15 वर्षीय नरेश साहू हादसे का शिकार हो गया। बांकी मोगरा थाना क्षेत्र के सुमेधा स्थित डैम में नहाने के दौरान डूबे नरेश का शव पुलिस और गोताखोरों की मदद से आज सुबह बरामद कर लिया गया है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी निवासी चार बच्चे सुमेधा डैम पर पिकनिक मनाने गए थे। पिकनिक के दौरान चारों बच्चे डैम के पानी में नहाने के लिए उतरे। कुछ समय बाद तीन बच्चे तो सुरक्षित बाहर आ गए, लेकिन फिरतू राम साहू का 15 वर्षीय पुत्र नरेश साहू पानी के गहराई में समा गया और बाहर नहीं लौटा।
साथी बच्चों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब नरेश का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। कल देर शाम तक स्थानीय स्तर पर तलाश जारी रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
आज सुबह गोताखोरों की टीम ने डैम में विशेष तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद नरेश का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।




