छत्तीसगढ़

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने राहुल गांधी को कहा डांसर, बोले- हनीमून मनाकर लौट आए

बक्सर। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं जनवितरण प्रणाली और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा है। राहुल के लद्दाख दौरे का जिक्र करते हुए चौबे ने कहा कि कल डांस कर रहे थे। डांस करके और हनीमून मनाकर लौट आएं। वह डांसर हैं। डांस पार्टी में भर्ती हो जाएं।

उन्होंने कहा कि इससे अधिक वे कुछ नहीं कर सकते। उन्होंने बक्सर में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता को ‘पप्पू’ कहकर संबोधित किया और कहा कि उन्हें देश पर भरोसा नहीं है, प्रधानमंत्री पर भरोसा नहीं है।उन्हें अपनी प्राइवेट कंपनी, मम्मी और इटालियन कंपनी पर अधिक भरोसा है। उन्हें कान खोलकर सुन लेना चाहिए। हर भारतवासी अपनी भूमि के लिए जान दे सकता है, लेकिन अपना जमीर नहीं दे सकता है।

केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद अश्विनी कुमार चौबे ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन व कुशल नेतृत्व में भारत आज दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है।सरकारी व निजी क्षेत्र में मौके तेजी से बढ़े हैं। साथ ही प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में शुरू की गई कौशल विकास की योजनाएं आज मील का पत्थर बन गया है।केंद्र सरकार हर हाथ को हुनरमंद बना रही है। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री चौबे बक्सर के एमपी हाई स्कूल में उनके प्रयास से लगे सांसद रोजगार मेले में उपस्थित युवाओं व अभिभावकों को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के प्रयास से बड़ी संख्या में युवा उधमिता की ओर बढ़ रहे हैं। आज दुनिया में भारत स्टार्ट का हब बन गया है।

केंद्रीय मंत्री चौबे ने योग्यता के आधार पर टाटा मोटर्स, अमेजन, डेक्सिन जैसी नामचीन कंपनियों में चयनित उम्मीदवारों को ऑफर लेटर भी वितरित किया।उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को बक्सर में ही नामचीन कंपनियों में मौका उपलब्ध कराना है। इसका आयोजन नियमित अंतराल पर किया जाएगा।मेले में कुएस्स कंपनी ने विभिन्न कंपनियों के लिए युवाओं का साक्षात्कार लिया। मेरिट के आधार पर उन्हें ऑफर लेटर दिया गया।

केंद्रीय मंत्री श्री चौबे ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मौके की कमी नहीं है। बदलते समय के अनुसार अपडेट रहने की जरूरत है।मेले में चयनित उम्मीदवारों को नोएडा, चेन्नई, पटना, नई दिल्ली, आदि जगहों पर काम करने का ऑफर मिला। 12 सौ से अधिक युवाओं ने ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराया था।योग्यता के आधार पर 8 सौ को शार्ट लिस्ट किया गया। दोपहर तक चयनित 30 युवाओं को केंद्रीय मंत्री श्री चौबे ने ऑफर लेटर दिया। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।