छत्तीसगढ़

सचिन के लिए पाक से आई सीमा, सौरभ के लिए बांग्लादेश से पहुंची सोनिया, लेकिन बिल्कुल जुदा है दोनों का किस्‍सा

नोएडा । पाकिस्तान से आई सीमा हैदर अभी काफी दिनों से चर्चा में है। लेकिन अब बांग्लादेश से अपने बेटे के साथ आई महिला सोनिया अख्तर भी चर्चा में आ गई है। वह सोमवार को नोएडा पहुंची है और उसका कहना है कि वह अपने पति से मिलने आई है। शुरुआत में कहानी सीमा हैदर और सोनिया अख्तर जैसी ही लग रही है, लेकिन बता दें कि कहानी दोनों की बुल्कुल अलग है।

पाकिस्तानी के कराची की रहने वाली सीमा हैदर पब्जी खेलने के दौरान ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में रहने वाले युवक सचिन के संपर्क में आ गई थी। सचिन से मिलने के लिए सीमा अवैध तरीके से बिना वीजा पासपोर्ट के इंडो नेपाल बॉर्डर पार कर भारत आ गई थी। वह करीब डेढ़ महीने तक अवैध रूप से रबूपुरा में रखी थी। छह जुलाई को पुलिस ने सीमा, सचिन और सचिन के पिता नेत्रपाल को गिरफ्तार किया था। वर्तमान में सभी जमानत पर बाहर है। कोर्ट ने सीमा के देश छोड़ने पर रोक लगा रखी है।

जानकारी के अनुसार, सीमा और सचिन की बातचीत वर्ष 2019 में कोरानाकाल के दौरान हुई थी। दोनों की बातचीत ऑनलाइन पबजी खेलने के दौरान हुई और वह घंटों एक-दूसरे से बात करने लगे। इस दौरान करीब चार महीने बीतने के बाद, दोनों ने फोन नंबर एक्सचेंज किया और ऑडियो-वीडियो कॉल पर बातचीत करने लगे। कथित तौर पर कुछ समय बीतने के बाद जनवरी 2021 में दोनों ने अपने प्रेम का इजहार किया।

चार जुलाई को सीमा हैदर को अपने 4 बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वहीं, सचिन और उसके पिता को अवैध अप्रवासी को शरण देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

सीमा हैदर ने तीन देशों की सरहद पार कर 13 मई को भारत में अवैध रूप से घुसपैठ की थी। इसके बाद वह ग्रेटर नोएडा के कस्‍बा रबूपुरा में आकर रहने लगी। बताया जाता है कि ग्रेटर नोएडा आने से पहले वह पाकिस्तान से दुबई गई फिर वहां से नेपाल आई। इसके बाद नेपाल से अवैध रूप से भारत की सीमा में घुसपैठ की।

बांग्लादेश की सोनिया अख्तर अपना बच्चा लेकर बांग्लादेश से पति की तलाश में पहुंची है। बांग्लादेश से नोएडा पहुंची सोनिया अख्तर का कहना है कि वह अपने पति के साथ ही रहेगी। महिला का आरोप है कि भारत के सौरभकांत तिवारी ने 2021 में उससे शादी की थी। शादी के बाद वह भारत आया और फिर वापस नहीं लौटा। एसीपी महिला सुरक्षा मामले की जांच कर रही हैं।

बांग्लादेश की राजधानी ढाका की सोनिया अख्तर ने बताया कि सौरभकांत तिवारी नामक एक युवक ने बांग्लादेश में 14 अप्रैल 2021 को उसके साथ शादी की थी। अब सौरभकांत उसे छोड़कर भारत वापस आ गया। उसका कहना है कि वह नोएडा के सूरजपुर का रहने वाला है। लेकिन वह उसे अपने साथ नहीं रखना चाहता।

निकाह के बाद महिला और सौरभ का एक बेटा भी हुआ। महिला का आरोप है कि सौरभ पहले से शादीशुदा था और उसने इस बात को उससे छिपाया था। सौरभ ने पुलिस से पूछताछ में कहा कि बांग्लादेश में वह नौकरी करने गया था। वहां, जबरन उसका मतांतरण कराकर सोनिया के साथ निकाह कराया गया। वहां से मुझे वापस भारत नहीं आने दिया जा रहा था। मैं किसी तरह वापस भारत आया।