Home » कोरबा » कोरबा: आईटीआई छात्र ने की खुदकुशी, पिता ने रूम पार्टनर पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा: आईटीआई छात्र ने की खुदकुशी, पिता ने रूम पार्टनर पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के सलिहाभांठा गांव में 19 वर्षीय ITI छात्र इंद्रजीत महतो की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, छात्र ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

मृतक के पिता दिलीप कुमार महतो ने बेटे के साथ रहने वाले युवक राजेश्वर पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

 - Dainik Bhaskar

बस नहीं मिलने पर गांव के युवक के साथ रहने लगा था

पिता दिलीप कुमार महतो ने बताया कि उनका बेटा इंद्रजीत स्वभाव से सीधा-साधा था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। इंद्रजीत ने करतला में ITI के इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में प्रवेश लिया था। शुरुआत में वह घर से आना-जाना करता था, लेकिन बस नहीं मिलने की परेशानी के कारण उसे गांव के ही राजेश्वर नाम के युवक के साथ रहने के लिए भेज दिया गया था।

पिता का आरोप- गाली-गलौज से परेशान था बेटा

दिलीप कुमार महतो के अनुसार, इंद्रजीत फोन पर उनसे कहता था कि राजेश्वर उसे मानसिक रूप से परेशान करता है और गाली-गलौज करता है। पिता का दावा है कि इंद्रजीत इन बातों से परेशान रहता था और मानसिक तनाव में था।

उन्होंने बताया कि इंद्रजीत ने दो दिन पहले भी इस संबंध में जानकारी दी थी। वह राजेश्वर से बात करने जाने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही बेटे की मौत हो गई। पिता के मुताबिक, घटना की जानकारी उन्हें रात करीब 12 बजे मिली, जब वे बाहर से घर लौटे।

दिलीप ने कहा कि उनका बेटा परिवार की बहुत इज्जत करता था और परिवार के लिए अपशब्द कहे जाने पर दुखी होता था। उन्होंने बेटे की मौत के पीछे कथित प्रताड़ना की भूमिका की जांच करने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

घटना के बाद उरगा पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों और पिता की ओर से लगाए गए आरोपों के संबंध में आगे की स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram