छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: ट्रेनें रद्द करने के खिलाफ 13 को आंदोलन, CM भूपेश बोले- ‘केंद्र को सिर्फ कोयले से मतलब, आम जनमानस से नहीं’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल - Dainik Bhaskar

दुर्ग। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार शाम दुर्ग में कोरिया यादव समाज के सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे। पुराना बस स्टैंड में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने 13 सितंबर को होने वाले महा आंदोलन का शंखनाद किया। कहा कि केंद्र सरकार जिस तरीके से यात्री ट्रेनों को बंद करके सिर्फ गुड्स ट्रेनों को चला रही है, उसके विरोध में महा आंदोलन किया जाएगा। इस आंदोलन में कांग्रेसी सहित आम जनमानस बड़ी संख्या में भाग लेगा।

मुख्यमंत्री बघेल ने मीडिया से कहा कि, केंद्र सरकार सिर्फ कोयला ढुलाई पर ध्यान दे रही है। उसे आम लोगों की दिक्कतों से कोई वास्ता नहीं है। यह कारण है कि लगातार यात्री ट्रेनों को रद्द किया जा रहा है और गुड्स ट्रेनों को चलाया जा रहा है। लोगों की समस्या को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार से यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए

21 सितंबर को भिलाई आ रही हैं प्रियंका गांधी वाड्रा

मुख्यमंत्री ने खुद बताया कि आगामी 21 सितंबर को प्रियंका गांधी वाड्रा दुर्ग जिले के भिलाई में होने वाले महिला महासम्मेलन में भाग लेने आ रही हैं। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के बयान पर ली सीएम ने चुटकी

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने पांच सालों में फीता काटने के अलावा कोई दूसरा विकास कार्य नहीं किया है। इसके जवाब में चुटकी लेते हुए सीएम ने कहा कि प्रेम प्रकाश पांडेय 5 साल तक अपने बंगले से नहीं निकले हैं। वह बाहर निकलेंगे तो उन्हें ये विकास दिखाई देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतर्कलह से गुजर रही है भाजपा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आपसी फूट और अंतर्कलह से गुजर रही है। सरोज पांडेय, प्रेम प्रकाश पांडेय इनमें बहुत अंतर्कलह है। रमन सिंह को कोई नेता मानने को तैयार नहीं है। भारतीय जनता पार्टी लड़ाई झगड़े के दौर से गुजर रही है।