Home » राष्ट्रीय » ‘लखनऊ जाकर कर लूंगा इस्लाम कबूल’, आगरा में फूट-फूटकर रोए सपा के आकाश अग्रवाल

‘लखनऊ जाकर कर लूंगा इस्लाम कबूल’, आगरा में फूट-फूटकर रोए सपा के आकाश अग्रवाल

आगरा। यूपी में विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों के लिए मतदान पूरा हुआ है। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले गए। दोपहर 2 बजे तक 40% वोटिंग हुई।

इटावा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने वोट डाला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा समर्थक मतदाताओं को रोका जा रहा है। चुनाव आयोग नींद की गोली खाकर सो रहा है। भाजपा को ‘वोट चोरी की यूनिवर्सिटी’ खोल लेनी चाहिए।

आगरा शिक्षक खंड से सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने मतदान के दौरान गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए। मीडिया से बात करते हुए सपा प्रत्याशी फूट-फूटकर रो दिए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि वह लखनऊ की शादी ईदगाह में जाकर धर्म परिवर्तन कर लेंगे।

आगरा शिक्षक खंड से सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके समर्थकों को परेशान किया जा रहा है। मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी की गई है। प्रत्याशी ने कहा कि खेरागढ़ में पीठासीन अधिकारी द्वारा जब खाना खाया गया तो सभी को बाहर निकाल दिया गया।  सपा प्रत्याशी ने छाता बूथ भी लूटने का आरोप लगाया। अधिकारियों पर कार्यकर्ताओं से अभद्रता और परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि ऐसा लग रहा है कि मैं पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी हूं। सपा प्रत्याशी ने कहा कि मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है। मैं ऐसे सनातन में रहना नहीं चाहता हूं। इस दौरान सपा प्रत्याशी फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने कहा कि वह लखनऊ की शाही ईदगाह में जाकर धर्म परिवर्तन कर लेंगे।

सपा प्रत्याशी ने  कहा कि उन्हें हार जीत से कोई फर्क नहीं पड़ता है। मैं आजाद भारत में रह रहा हूं। मैं किस पार्टी से चुनाव लड़ूंगा और किससे नहीं लड़ूंगा, इसका फैसला मैं करूंगा। इतना ही कहना चाहूंगा कि अभी भी बूथ कैप्चरिंग हो रही है।

25 शहरों में हंगामा-मारपीट, झांसी में भाजपा सांसद का नाम कटा

वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, बरेली और जालौन समेत 25 शहरों में हंगामा हुआ। मुजफ्फरनगर में राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल के सामने भाजपा और सपा नेताओं के बीच मारपीट हुई। सपा का आरोप है कि मंत्री मतदान के दौरान कई लोगों को बूथ के अंदर ले गए।

गोरखपुर में सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के साथ धक्का-मुक्की की गई। आरोप है कि वह बूथ के बाहर मीडिया को बाइट दे रहे थे। झांसी में भाजपा सांसद अनुराग शर्मा वोटर लिस्ट से नाम कटने के कारण मतदान नहीं कर पाए।

शिक्षक खंड की 6 और स्नातक खंड की 5 सीटों पर 152 प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल 14.28 लाख मतदाताओं के लिए 2,697 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान शाम 4 बजे तक चला। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram