दुबई। दुबई में एक ऐसा रास्ता तैयार किया जा रहा है जो बिल्कुल सोने का होगा। यानि अब लोग सोने के रास्ते पर चलेंगे। दुबई में इस साल के अंत तक 24 कैरेट सोने से बना एक वॉकवे यानि पैदल रास्ता खोल दिया जाएगा। गल्फ टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट ने कहा है कि ये अपनी तरह का पहला और दुनिया का सबसे बड़ा सोने का रास्ता होगा। ये अभी से लोगों के आकर्षण के केन्द्र में है।
दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट के कमर्शियल सेक्टर के सीनियर डायरेक्टर राशिद अल हरमौदी ने अगले दो महीने में इस सोने के रास्ते के खुलने की संभावना की बात कही है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट का मकसद पर्यटकों को अनोखा अनुभव देना है। उन्होंने यह घोषणा एक कार्यक्रम के दौरान की जो दुबई द्वारा दुनिया के सबसे भारी और सबसे बड़े हाथ से बने पारंपरिक सोने के झुमकों के लिए बनाए गए दो नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का जश्न मनाने के लिए आयोजित किया गया था।
दुबई में दो महीने में खुल जाएगा ‘सोने का रास्ता’
अल हरमौदी ने कहा कि यह ‘गोल्ड वॉकवे’ दुबई की उस पहचान को और मजबूत करने की एक बड़ी पहल का हिस्सा है जिसके तहत दुबई को पर्यटन और सोने के व्यापार, दोनों के लिए एक प्रमुख वैश्विक गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले लोग और पर्यटक इस सुनहरे रास्ते पर चल सकेंगे जो उनके अनुसार इस इलाके में एक अनोखा अनुभव प्रदान करेगा। इस वॉकवे के अलावा उन्होंने एक ऐसी प्रदर्शनी की योजना के बारे में भी बताया जिसका लक्ष्य मध्य पूर्व में सोने और आभूषणों का सबसे बड़ा व्यापारिक आयोजन बनना है।
दुबई में सोने के व्यापार में 2026 में सबसे मजबूत इजाफा
दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट में जनवरी 2026 से काम शुरू करने वाले थोक स्वर्ण व्यापार कार्यालयों की संख्या में 20% की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही सोना, आभूषण, कीमती पत्थरों और लग्जरी घड़ियों के विशेष नए स्टोरों की संख्या में भी 15% का इजाफा हुआ है। अल हरमौदी ने कहा कि जिले में विस्तार का काम चल रहा है ताकि वहां अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की इच्छुक कंपनियों की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।




