Home » राष्ट्रीय » इंडिया ब्लॉक की 1 नवंबर की रैली को कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन

इंडिया ब्लॉक की 1 नवंबर की रैली को कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को वोटर लिस्ट की विशेष गहन समीक्षा (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 1 नवंबर को होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली का समर्थन किया है। दीपके ने साफ किया कि उनकी पार्टी इस रैली के साथ खड़ी है, हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वे और उनके साथी इस रविवार को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत इंडिया ब्लॉक के अन्य नेताओं के साथ मंच साझा करेंगे या नहीं।

बता दें कि यह समर्थन ऐसे समय में आया है जब देश में वोटर लिस्ट की समीक्षा को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता और स्वतंत्रता बनाए रखने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा जरूरी हो गया है।

पहले भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे नेता

परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस समेत कई सांसद और नेता शामिल हुए थे। उस समय कई विपक्षी नेता मंच पर आए थे, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाड्रा उस विरोध प्रदर्शन के मंच से दूर रहे थे। इस बार 1 नवंबर की रैली में पार्टी ने अपना समर्थन जताया है, लेकिन मंच पर साथ आने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जताया समर्थन

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि GYANU MUST GO! कॉकरोच जनता पार्टी इंडिया ब्लॉक की 1 नवंबर की रैली को अपना समर्थन देती है। देश सबसे ऊपर! इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक घोषणा पत्र भी शेयर किया, जिसमें चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram